चैंपियंस लीग: बोडो/ग्लिम्ट ने इंटर मिलान को चौंकाया, पहली बार अंतिम-16 में प्रवेश

WhatsApp Channel Join Now
चैंपियंस लीग: बोडो/ग्लिम्ट ने इंटर मिलान को चौंकाया, पहली बार अंतिम-16 में प्रवेश


मिलान, 25 फ़रवरी (हि.स.)। नॉर्वे के क्लब बोडो/ग्लिम्ट ने मंगलवार को सैन सिरो स्टेडियम में खेले गए प्लेऑफ के दूसरे चरण में पिछले सत्र के उपविजेता इंटर मिलान को 2-1 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस जीत के साथ बोडो/ग्लिम्ट ने कुल 5-2 के अंतर से मुकाबला अपने नाम करते हुए पहली बार चैंपियंस लीग के अंतिम-16 चरण में जगह बना ली।

पहले चरण में बोडो में 3-1 की जीत से बढ़त बनाने वाली नॉर्वेजियन टीम ने दूसरे चरण में भी दबदबा बनाए रखा। मैच के 58वें मिनट में येन्स पेट्टर हाउगे ने गोलकीपर द्वारा रोके गए शॉट पर रिबाउंड को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके 14 मिनट बाद हाकॉन एवजेन ने सटीक दाएं पैर के शॉट से स्कोर 2-0 कर मुकाबला लगभग तय कर दिया।

आर्कटिक सर्कल क्षेत्र से आने वाली इस टीम की इस सत्र में परीकथा जैसी यात्रा रही है। लीग चरण के अंतिम दो मुकाबलों में मैनचेस्टर सिटी और एटलेटिको मैड्रिड पर शानदार जीत दर्ज कर टीम प्लेऑफ में पहुंची थी। इंटर के खिलाफ पहले चरण की जीत के बाद बोडो/ग्लिम्ट ने लगातार तीसरी जीत हासिल की और वही शुरुआती एकादश दूसरे चरण में भी उतारी।

शुरुआत में इंटर का दबदबा

इंटर मिलान ने आक्रामक शुरुआत की। पियो एस्पोसिटो ने शुरुआती मिनटों में हेडर से मौका बनाया, जबकि 15वें मिनट में मार्कस थुराम का कर्व शॉट गोल के करीब से बाहर गया। घरेलू टीम ने पहले हाफ में लगातार दबाव बनाया, लेकिन मध्यांतर तक स्कोर 0-0 रहा।

दूसरे हाफ में भी इंटर ने दबाव बनाए रखा। हैंडबॉल की अपील पर रेफरी ने पेनल्टी नहीं दी और वीडियो सहायक रेफरी ने भी निर्णय बरकरार रखा।

58वें मिनट में ओले डिड्रिक ब्लोमबर्ग ने इंटर के क्षेत्र में ढीली पास पर कब्जा जमाया और गोल की ओर बढ़े। यान सोमर ने उनका शॉट रोक दिया, लेकिन हाउगे ने तेजी दिखाते हुए रिबाउंड को गोल में बदल दिया।

72वें मिनट में एवजेन ने सटीक शॉट लगाकर परिणाम लगभग तय कर दिया। 77वें मिनट में एलेस्सांद्रो बास्तोनी ने इंटर के लिए एक गोल जरूर किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

इस जीत के साथ बोडो/ग्लिम्ट चैंपियंस लीग के नॉकआउट दौर से आगे बढ़ने वाला पहला नॉर्वेजियन क्लब बन गया और उसने यूरोपीय फुटबॉल में नया इतिहास रच दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story