एआईएफएफ ने ड्रीम स्पोर्ट्स फाउंडेशन को यूथ डेवलपमेंट पार्टनर नियुक्त किया

WhatsApp Channel Join Now
एआईएफएफ ने ड्रीम स्पोर्ट्स फाउंडेशन को यूथ डेवलपमेंट पार्टनर नियुक्त किया


नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने भारत में अंडर-16 फुटबॉल को मजबूत करने के उद्देश्य से ड्रीम स्पोर्ट्स फाउंडेशन (डीएसएफ) के साथ बहुवर्षीय साझेदारी की घोषणा की है, जिसके तहत डीएसएफ को आधिकारिक यूथ डेवलपमेंट पार्टनर नियुक्त किया गया है।

इस साझेदारी के साथ ड्रीम स्पोर्ट्स चैंपियनशिप अब केवल एक मजबूत युवा फुटबॉल प्लेटफॉर्म नहीं रह जाएगी, बल्कि इसे एक संरचित राष्ट्रीय विकास प्रणाली के रूप में विकसित किया जाएगा, जो भारत के युवा फुटबॉलरों के लिए स्पष्ट प्रगति का मार्ग तैयार करेगी।

यह साझेदारी एआईएफएफ की राष्ट्रीय प्रतियोगिता संरचना को डीएसएफ की युवा विकास विशेषज्ञता के साथ जोड़ती है, जिससे देशभर में ग्रासरूट फुटबॉल को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए एक सुसंगत विकास मार्ग तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

ड्रीम स्पोर्ट्स फाउंडेशन, ड्रीम स्पोर्ट्स का स्पोर्ट्स डेवलपमेंट विंग है, जो भारत की अग्रणी स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी कंपनी है। इस समझौते के तहत एआईएफएफ जूनियर लीग के क्षेत्रीय चरण राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालिफिकेशन का मार्ग बने रहेंगे, जबकि डीएसएफ राष्ट्रीय चरण में प्रदर्शन विश्लेषण, खिलाड़ियों, कोचों और सपोर्ट स्टाफ के लिए प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यशालाएं, तथा फैनकोड पर लाइव स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाओं के माध्यम से संरचना को और मजबूत करेगा। अंडर-16 एआईएफएफ जूनियर लीग के राष्ट्रीय फाइनल को अब ड्रीम स्पोर्ट्स चैंपियनशिप (डीएससी) के नाम से जाना जाएगा।

ड्रीम स्पोर्ट्स फाउंडेशन के सीईओ नील शाह ने कहा, “हम एआईएफएफ के साथ साझेदारी कर बेहद उत्साहित हैं। हमारा लक्ष्य भारत के भविष्य के फुटबॉल सितारों के लिए बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराना है। पिछले दो वर्षों में ड्रीम स्पोर्ट्स चैंपियनशिप ने दिखाया है कि सही मंच, कोचिंग और प्रतिस्पर्धा मिलने पर युवा खिलाड़ी कितनी तेजी से आगे बढ़ सकते हैं। एआईएफएफ के साथ मिलकर हम इस प्रभाव को और बड़े स्तर पर ले जाना चाहते हैं।”

एआईएफएफ के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल एम. सत्यनारायण ने कहा, “भारत में युवा फुटबॉल तेजी से विकसित हो रहा है। हमारी लीग में अधिक अकादमियां जुड़ रही हैं और अंडर-17 टीम ने एएफसी अंडर-17 एशियन कप के लिए क्वालीफाई किया है। ऐसे में ड्रीम स्पोर्ट्स फाउंडेशन का सहयोग हमें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक प्रोत्साहन देगा और हमारे खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने में मदद करेगा।”

पिछले दो वर्षों से डीएसएफ स्वतंत्र रूप से ड्रीम स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन कर रहा है, जो एआईएफएफ द्वारा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम है। इस प्रतियोगिता से अब तक 14 खिलाड़ी भारतीय युवा टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, नौ खिलाड़ी सैफ चैंपियनशिप 2025 जीतने वाली अंडर-19 टीम का हिस्सा रहे, पांच खिलाड़ियों को 2025 की अंडर-20 टीम में जगह मिली, जबकि तीन खिलाड़ियों ने इंडियन सुपर लीग में पदार्पण किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story