एएफसी अंडर-20 महिला एशियन कप 2026 के लिए 23 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित

WhatsApp Channel Join Now
एएफसी अंडर-20 महिला एशियन कप 2026 के लिए 23 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। भारतीय अंडर-20 महिला फुटबॉल टीम के मुख्य कोच जोआकिम एलेक्जेंडर्सन ने एएफसी अंडर-20 महिला एशियन कप थाईलैंड 2026 के लिए 23 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।

भारत ने 20 साल बाद इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 2 अप्रैल को जापान के खिलाफ मैच से करेगी। इसके बाद भारतीय टीम 5 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया और 8 अप्रैल को चीनी ताइपे से भिड़ेगी।

ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और तीनों ग्रुप्स में से सर्वश्रेष्ठ दो तीसरे स्थान की टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी। क्वार्टर फाइनल जीतने वाली चार टीमें फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप पोलैंड 2026 के लिए क्वालिफाई करेंगी। एएफसी अंडर-20 महिला एशियन कप थाईलैंड 2026 का लाइव प्रसारण फ़ैनकोड पर किया जाएगा।

‘यंग टाइग्रेस’ 20 मार्च को बैंकॉक पहुंची थीं और उन्हें स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप ढलने के लिए 13 दिन मिले। कुल 24 खिलाड़ियों का दल यात्रा पर गया था, जिसमें से डिफेंडर अल्का इंदवार को अंतिम 23 सदस्यीय टीम तय करते हुए रिलीज कर दिया गया।

भारत ने जनवरी में बेंगलुरु में इंडियन वुमेंस लीग (आईडब्ल्यूएल) के पहले चरण के बाद अपना प्रशिक्षण शिविर शुरू किया था। इसके बाद टीम ने स्वीडन में एक महीने का कैंप किया, जहां उन्होंने क्लब टीमों के सीनियर खिलाड़ियों के खिलाफ पांच फ्रेंडली मैच खेले। स्कैंडिनेविया से लौटने के बाद टीम ने कोलकाता में अभ्यास जारी रखा और फिर थाईलैंड के लिए रवाना हुई।

एएफसी अंडर20 महिला एशियन कप थाईलैंड 2026 के लिए भारत की 23 सदस्यीय टीम-

गोलकीपर: मोनालिशा देवी मोइरांगथेम, नंदिनी, रिबांसी जामू।

डिफेंडर: सिंडी रेमरुआतपुई कोलनी, निशिमा कुमारी, रेमी थोकचोम, रुचि यादव, साहेना टीएच, शुभांगी सिंह, थोइबिसाना चानू तोइजाम।

मिडफील्डर:अंजू चानू कायेनपाइबम, अरीना देवी नामैराकपम, भूमिका देवी खुमुकचम, मोनिशा सिंघा, नेहा, पूजा, श्रुति कुमारी।

फॉरवर्ड: बबीता कुमारी, दीपिका पाल, लिंगडेकिम, शिलजी शाजी, सिबानी देवी नोंगमेइकापम, सुलंजना राउल।

मुख्य कोच: जोआकिम एलेक्ज़ेंडरसन।

सहायक कोच: परोमिता सिट

गोलकीपिंग कोच: हमीद केके

एएफसी महिला एशियन कप थाईलैंड 2026 में भारत का कार्यक्रम-

18:30 IST, 2 अप्रैल: जापान बनाम भारत (थम्मासात स्टेडियम, पथुम थानी)

14:30 IST, 5 अप्रैल: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया (पथुम थानी स्टेडियम, पथुम थानी)।

14:30 IST, 8 अप्रैल: चीनी ताइपे बनाम भारत (पथुम थानी स्टेडियम, पथुम थानी)

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story