देश के 5000 से अधिक स्थानों पर हुआ ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’, दिल्ली में 10 हजार से ज्यादा लोगों ने लिया हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
देश के 5000 से अधिक स्थानों पर हुआ ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’, दिल्ली में 10 हजार से ज्यादा लोगों ने लिया हिस्सा


नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ का 65वां संस्करण रविवार को पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अभियान में देशभर के 5000 से अधिक स्थानों पर साइक्लिंग और फिटनेस गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिसमें समुद्र तटों से लेकर पहाड़ों, रेगिस्तानों और जंगलों तक लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

इस अवसर पर 300 से अधिक फिट इंडिया चैंपियंस, एंबेसडर और कई विशिष्ट अतिथियों ने अलग-अलग शहरों में साइक्लिंग कार्यक्रम का नेतृत्व किया। ओडिशा के कोकराझार से लेकर पंजाब के बादल और दक्षिण के अल्लेप्पी तक इस अभियान की गूंज सुनाई दी। पटना में बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कार्यक्रम में भाग लेकर युवाओं को फिटनेस के लिए प्रेरित किया। वहीं असम में सहायक आयुक्त और एमएमए फाइटर रीमा त्रिशा हलोई ने चोट से उबरने के बाद इस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अपनी फिटनेस यात्रा की नई शुरुआत की।

दिल्ली के कनॉट प्लेस में मुख्य आयोजन

65वें संस्करण का मुख्य आयोजन नई दिल्ली में हुआ, जहां 10 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। दिल्ली के कनॉट प्लेस में रविवार सुबह का माहौल उत्सव जैसा रहा। ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन राहगीरी फाउंडेशन के सहयोग से किया गया, जिसके साथ ही ‘राहगिरी डे’ की भी वापसी हुई। इस विशेष आयोजन में 3 साल के बच्चों से लेकर 70 वर्ष तक के लोगों ने भाग लिया। साइक्लिंग से पहले प्रतिभागियों ने रस्सी कूद, जुम्बा, योगासन और कई मनोरंजक खेलों में हिस्सा लेकर फिटनेस का संदेश दिया।

उपभोक्ता अधिकारों को समर्पित रहा कार्यक्रम

इस सप्ताह का कार्यक्रम उपभोक्ता अधिकारों को समर्पित रहा और इसमें दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पूर्व वायुसेना पायलट और फिटनेस विशेषज्ञ कैप्टन अक्षय चोपड़ा, जुम्बा प्रशिक्षक प्रतीक कुंडियाल, अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता नीलम और प्रिय मलिक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

आशीष सूद ने कहा कि राहगिरी डे और संडेज़ ऑन साइकिल जैसे अभियान स्वस्थ और सुरक्षित दिल्ली के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनसे पैदल चलने, साइकिल चलाने और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा मिलता है, जिससे वायु प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलती है।

फिटनेस को जन आंदोलन बनाने का प्रयास

मयंक श्रीवास्तव, उप महानिदेशक, भारतीय खेल प्राधिकरण ने कहा कि फिट इंडिया केवल एक अभियान नहीं बल्कि देश को स्वस्थ और सक्रिय बनाने का आंदोलन है, जिसकी कल्पना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी।

राहगिरी फाउंडेशन की संस्थापक सरिका पांडा भट्ट ने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को सड़कों को फिर से अपने लिए इस्तेमाल करने का अवसर देते हैं और स्वच्छ हवा तथा सुरक्षित सड़कों के महत्व को समझाते हैं।

इस आयोजन में इंडियन साइबर क्राइम कोआर्डिनेशन, सेंटर, कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंज, एनडीएमसी, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और दिल्ली पुलिस सहित कई संस्थानों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया।

फिट इंडिया और राहगिरी डे के इस संयुक्त आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि साइक्लिंग और पैदल चलना न केवल व्यक्तिगत फिटनेस के लिए जरूरी है, बल्कि स्वच्छ, सुरक्षित और टिकाऊ शहरों के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story