डॉ. मनसुख मंडाविया 62वें ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ का करेंगे नेतृत्व, ईएसआईसी के साथ देशभर में आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
डॉ. मनसुख मंडाविया 62वें ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ का करेंगे नेतृत्व, ईएसआईसी के साथ देशभर में आयोजन


नई दिल्ली, 20 फ़रवरी (हि.स.)।

भारत को 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलने के उपलक्ष्य में 22 फरवरी 2026 को देशभर में 62वें ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ का आयोजन किया जाएगा। इस बार यह पहल कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के सहयोग से आयोजित हो रही है, जो अपने 75 वर्ष पूरे होने का उत्सव भी मना रहा है। यह आयोजन फिट और सक्रिय भारत के संकल्प को और मजबूत करेगा।

साल 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के तहत शुरू हुआ ‘फिट इंडिया आंदोलन’ स्वस्थ और सक्रिय राष्ट्र निर्माण की दिशा में केंद्र सरकार की प्रमुख पहल है। वर्ष 2047 तक भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने के लक्ष्य के अनुरूप अहमदाबाद (गुजरात) को 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का अधिकार मिला है, जबकि भारत ने 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी अपनी दावेदारी पेश की है।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि 20 वर्ष बाद भारत बहु-खेल स्पर्धा कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि सरकार नीति सुधार, खेल अवसंरचना विकास, प्रतिभा पहचान और खिलाड़ियों के समुचित प्रशिक्षण के माध्यम से भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और 2036 ओलंपिक की मेजबानी के प्रधानमंत्री के विज़न को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ जैसे जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम स्वस्थ भारत की मजबूत नींव तैयार करते हैं। ईएसआईसी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह संस्करण फिटनेस को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

यह पहल दिसंबर 2024 में डॉ. मंडाविया द्वारा शुरू की गई थी। अब तक देशभर के दो लाख से अधिक स्थानों पर 25 लाख से ज्यादा नागरिक इसमें भाग ले चुके हैं, जिससे यह एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है।

इस रविवार डॉ. मंडाविया नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से साइकिल रैली का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ ओलंपिक कांस्य पदक विजेता रुपिंदर पाल सिंह और कॉमनवेल्थ गेम्स कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज रोहित तोकस भी शामिल होंगे। सभी आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए योग, रस्सी कूद और ज़ुम्बा के विशेष ज़ोन भी बनाए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि रुपिंदर पाल सिंह भारतीय पुरुष हॉकी टीम के सदस्य रहे हैं, जिसने टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीता था। वहीं रोहित तोकस ने 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया और वर्तमान में युवा मुक्केबाजों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।

फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा विभिन्न खेल संगठनों के सहयोग से देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एक साथ किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story