फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 100वां संस्करण 29 नवंबर को, देशभर में जुटेंगे हजारों साइकिल प्रेमी

WhatsApp Channel Join Now
फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 100वां संस्करण 29 नवंबर को, देशभर में जुटेंगे हजारों साइकिल प्रेमी


-पुणे से केंद्रीय खेल मंत्री करेंगे अगुवाई-50 हजार साइकिल चालक लेंगे हिस्सा-सौ स्थानों पर शामिल होंगे सौ ओलंपियन

नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 100वां संस्करण 29 नवंबर को देशभर में उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन की अगुवाई केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ से करेंगे। इस दौरान करीब 50 हजार साइकिल चालक अभियान में हिस्सा लेंगे। आयोजन की थीम ‘इंडिया रेडी फॉर ओलंपिक्स’ रखी गई है, जिसके तहत देश में ओलंपिक आंदोलन को बढ़ावा देने और खेल संस्कृति को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत को स्वस्थ और फिट राष्ट्र बनाने के आह्वान के बाद दिसंबर 2024 में शुरू हुआ यह अभियान अब देशव्यापी जन आंदोलन बन चुका है। इसकी शुरुआत नई दिल्ली में केवल 250 स्थानों और 500 प्रतिभागियों के साथ हुई थी। दो वर्षों में इस पहल से देशभर के लोग जुड़ते चले गए। संविधान दिवस की थीम पर आयोजित इसके 99वें संस्करण में देशभर के 26 हजार से अधिक स्थानों पर लाखों नागरिकों ने हिस्सा लिया था।

इस अभियान के 100वें संस्करण को ओलंपिक आंदोलन को समर्पित किया गया है। ‘माय भारत’ के सहयोग से देश के प्रत्येक जिले में युवा इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। इसके अलावा देशभर के 100 प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां 100 भारतीय ओलंपियन भी साइकिल चलाकर इस पहल से जुड़ेंगे। इसका उद्देश्य भारत को अधिक स्वस्थ और फिट राष्ट्र बनाने के प्रयासों को गति देना है।

इस बार का आयोजन ओलंपिक आंदोलन के मूल्यों को भी सामने रखेगा। इसमें सुशासन और ईमानदारी, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और समावेशिता, खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और कल्याण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित खेल की स्थायी विरासत जैसे विषयों पर जोर दिया जाएगा।

यह पहल खेलों के भविष्य को नैतिकता, खिलाड़ियों की आवाज और सभी के लिए समान अवसरों के आधार पर तैयार करने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसमें महिलाओं और पैरा खिलाड़ियों सहित सभी वर्गों की भागीदारी को बढ़ावा देने और युवाओं को खेल तथा फिटनेस को जीवनशैली बनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।

यह अभियान प्रधानमंत्री के ‘फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज’ के संदेश से प्रेरित है। इसका उद्देश्य लोगों को प्रतिदिन कम-से-कम आधा घंटा फिटनेस के लिए समर्पित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

समय के साथ यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रमुख राष्ट्रीय आह्वानों और सामाजिक संदेशों को जनभागीदारी के जरिए जमीन पर उतारने का मंच भी बन गई है। मोटापे के खिलाफ लड़ाई, नशामुक्त भारत और प्रदूषण का समाधान जैसे विषयों पर विशेष आयोजन कर संडे ऑन साइकिल नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने और फिट इंडिया तथा विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने के लिए प्रेरित कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story