मियामी ग्रां प्री 2026: किमी एंटोनेली ने रचा इतिहास, दर्ज की लगातार तीसरी जीत

WhatsApp Channel Join Now
मियामी ग्रां प्री 2026: किमी एंटोनेली ने रचा इतिहास, दर्ज की लगातार तीसरी जीत


मियामी गार्डन्स, 04 मई (हि.स.)।

फॉर्मूला-1 में 19 वर्षीय मर्सिडीज ड्राइवर किमी एंटोनेली ने इतिहास रचते हुए रविवार को मियामी ग्रां प्री 2026 जीत लिया। इसके साथ ही वह अपने पहले तीनों रेस पोल पोजिशन से जीतने वाले पहले ड्राइवर बन गए हैं। यह उनकी लगातार तीसरी जीत है और वह इस सीजन में चैंपियनशिप के प्रबल दावेदार बन गए हैं।

जीत दर्ज करने के बाद एंटोनेली ने कहा, “यह तो बस शुरुआत है, आगे का सफर लंबा है। टीम शानदार काम कर रही है, मैं इस जीत का आनंद लूंगा और फिर काम पर लौटूंगा।”

इस सीजन में मर्सिडीज टीम का दबदबा जारी है। किमी एंटोनेली और उनके साथी जॉर्ज रसेल ने मिलकर इस सीजन की शुरुआती चारों रेस और सभी पोल पोजिशन अपने नाम की हैं। हालांकि स्प्रिंट रेस में लैंडो नॉरिस और ऑस्कर पियास्त्री की जोड़ी ने पहला और दूसरा स्थान हासिल किया।

टीम प्रमुख टोतो वोल्फ ने एंटोनेली की तारीफ करते हुए कहा, “आज शिकायत की कोई बात नहीं थी, शानदार प्रदर्शन।”

गीले ट्रैक पर शुरू हुई इस रेस में फेरारी के चार्ल्स लेक्लेर ने शानदार शुरुआत करते हुए बढ़त बनाई, जबकि रेड बुल के मैक्स वेरस्टैपेन टक्कर के बाद स्पिन होकर पीछे चले गए।

हालांकि एंटोनेली ने पांचवें लैप में बढ़त वापस हासिल कर ली और फिर अंत तक उसे बनाए रखा। पिट स्टॉप के दौरान उन्होंने लैंडो नॉरिस को पीछे छोड़ते हुए रेस पर नियंत्रण कर लिया।

टॉप फिनिशर्स

पहला: किमी एंटोनेली

दूसरा: लैंडो नॉरिस

तीसरा: ऑस्कर पियास्त्री

चौथा: जॉर्ज रसेल

पांचवां: मैक्स वेरस्टैपेन

छठा: चार्ल्स लेक्लेर

सातवां: लुईस हैमिल्टन

हादसे भी हुए

रेस के दौरान इसैक हडजार की कार दीवार से टकरा गई, जिससे वह बाहर हो गए। वहीं पियरे गैस्ली की कार पलट गई, हालांकि वह सुरक्षित बाहर निकल आए।

अब अगली रेस कनाडियन ग्रां प्री होगी, जो 24 मई को मॉन्ट्रियल के सर्किट गिल्स विलनेव में आयोजित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story