अंशुमान हुड्डा की घातक गेंदबाजी, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 4 विकेट से हराया
नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। अंशुमान हुड्डा की घातक गेंदबाजी और अनमोल शर्मा की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के दूसरे मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 4 विकेट से हरा दिया।
अरुण जेटली स्टेडियम में शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में साउथ दिल्ली ने 11 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 18.1 ओवर में 165 रन पर समेट दिया। टीम की ओर से तेज गेंदबाज अंशुमान हुड्डा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3.1 ओवर में 24 रन देकर पांच विकेट झटके।
उन्होंने डेथ ओवरों में दीपक पुनिया, सिमरजीत सिंह, सूर्यांश रैना, मयंक रावत और ध्रुव कौशिक को आउट कर विपक्षी टीम की पारी को लड़खड़ा दिया।
ईस्ट दिल्ली की ओर से अर्पित राणा ने सबसे ज्यादा 39 गेंदों पर 66 रन बनाए, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। काव्या गुप्ता ने 22 गेंदों पर 37 रन और ध्रुव कौशिक ने 20 रन का योगदान दिया। एक समय टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन हुड्डा की शानदार गेंदबाजी ने मैच का रुख बदल दिया। साउथ दिल्ली की ओर से कप्तान आयुष बडोनी ने दो विकेट, जबकि अमन भारती और अंकित डबास ने एक-एक विकेट लिया।
166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही लेकिन अनमोल शर्मा ने 36 गेंदों पर 64 रन की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को संभाल लिया। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। प्रणव पंत ने 14 गेंदों पर 24 रन बनाए, जबकि कप्तान आयुष बडोनी ने सिर्फ 11 गेंदों में 23 रन की तेज पारी खेलकर रनगति बनाए रखी।
ईस्ट दिल्ली ने बीच के ओवरों में वापसी की कोशिश की। आशीष मीणा ने 24 रन देकर दो विकेट और रौनक वाघेला ने 54 रन देकर दो विकेट हासिल किए। हालांकि करण गर्ग ने 28 गेंदों पर नाबाद 27 रन बनाकर पारी को अंत तक संभाले रखा। उन्हें प्रांशु विजयरण (17) और अंकित डबास (नाबाद 6) का साथ मिला।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने 18.1 ओवर में छह विकेट पर 169 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से अपने नाम किया और टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। अंशुमान हुड्डा को उनकी मैच जिताऊ गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

