साइकिल चलाने से विकसित भारत के लक्ष्य को मिलेगी गति: डॉ. मनसुख मांडविया

WhatsApp Channel Join Now
साइकिल चलाने से विकसित भारत के लक्ष्य को मिलेगी गति: डॉ. मनसुख मांडविया


- फिट इंडिया अभियान के तहत तिरुवनंतपुरम में ‘समुद्र तट साइकिल यात्रा’ में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री

तिरुवनंतपुरम (केरल), 23 जून (हि.स.)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में साइकिल चलाने की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने यह बात फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘समुद्र तट साइकिल यात्रा’ में भाग लेने के दौरान कही।

यह साइकिल यात्रा तिरुवनंतपुरम में चक्का औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से शंगुमुखम समुद्र तट तक आयोजित की गई।

साइकिल यात्रा से पहले आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने कहा कि स्वस्थ नागरिकों से ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है और साइकिल चलाना स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से केवल स्वास्थ्य लाभ नहीं होता, बल्कि इससे प्रदूषण कम करने, यातायात का दबाव घटाने और ईंधन की बचत में भी मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से साइकिल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

केंद्रीय मंत्री ने ‘रविवार को साइकिल’ पहल का उल्लेख करते हुए बताया कि यह कार्यक्रम शुरुआत में केवल 200 स्थानों पर आयोजित होता था, लेकिन अब इसका विस्तार 10 हजार स्थानों तक हो चुका है और इसमें लगभग दो लाख लोग भाग ले रहे हैं। उन्होंने इस अभियान से जुड़े बच्चों और युवाओं की भी सराहना की।

डॉ. मांडविया ने यात्रा में आशा कार्यकर्ताओं, कुदुम्बश्री समूहों की महिलाओं, भारतीय खेल प्राधिकरण के खिलाड़ियों और साइकिल प्रेमियों के साथ भाग लिया। इस दौरान तिरुवनंतपुरम के महापौर वी. वी. राजेश भी मौजूद रहे।

करीब 200 प्रतिभागियों वाली इस यात्रा को विधायक वी. मुरलीधरन और पी. आर. श्रीजेश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा से पहले प्रतिभागियों के लिए जुम्बा सत्र भी आयोजित किया गया।

इस पहल का उद्देश्य प्रधानमंत्री के फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ाते हुए लोगों को साइकिल और अन्य शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से सक्रिय एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story