बरवाल ने प्रधानमंत्री को सुनाया पाकिस्तानी मुक्केबाज से जुड़ा दिलचस्प किस्सा

WhatsApp Channel Join Now
बरवाल ने प्रधानमंत्री को सुनाया पाकिस्तानी मुक्केबाज से जुड़ा दिलचस्प किस्सा


नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पुरुषों के 90+ किग्रा वर्ग में रजत पदक जीतने वाले भारतीय मुक्केबाज नरेंदर बरवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत के दौरान अपने करियर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया।

उन्होंने 2015 के विश्व सैन्य खेलों में पाकिस्तान के एक मुक्केबाज को हराने के बाद हुई बातचीत का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने रविवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने खेलों के दौरान और अपने करियर से जुड़े यादगार अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए।

नरेंदर बरवाल ने बताया कि 2015 के विश्व सैन्य खेलों में पाकिस्तान के मुक्केबाज को हराने के बाद उसने उनसे एक दिलचस्प बात कही। बरवाल के मुताबिक, पाकिस्तानी मुक्केबाज ने कहा, “आपका नाम नरेंदर है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है और आपके प्रधानमंत्री का नाम नरेंद्र है। मुझे नरेंद्र नाम से नफरत हो गई है।”

बरवाल ने यह किस्सा सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी के यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए वीडियो में सुनाया। उनके इस किस्से पर बातचीत के दौरान माहौल हल्का-फुल्का हो गया।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें उनकी मेहनत, समर्पण और देश का गौरव बढ़ाने के लिए बधाई दी।

मुक्केबाजी में भारत का ऐतिहासिक प्रदर्शन

ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीते। इनमें सात स्वर्ण और तीन रजत पदक शामिल रहे। यह राष्ट्रमंडल खेलों में मुक्केबाजी में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

भारत ने इस प्रदर्शन के साथ राष्ट्रमंडल खेलों में मुक्केबाजी के अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले छह स्वर्ण पदक जीतने का रिकॉर्ड इंग्लैंड और कनाडा के नाम संयुक्त रूप से था।

भारत ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों का अभियान कुल 39 पदकों के साथ समाप्त किया। इनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य पदक शामिल रहे। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।

11 दिनों तक चले राष्ट्रमंडल खेलों के समापन के बाद स्कॉटलैंड ने राष्ट्रमंडल खेलों का ध्वज और औपचारिक बैटन भारत को सौंपा। भारत 2030 में अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल खेलों के शताब्दी संस्करण की मेजबानी करेगा।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story