राष्ट्रमंडल खेल-2026: नीरज चोपड़ा समेत तीनों भारतीय भाला फेंक के फाइनल में

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रमंडल खेल-2026: नीरज चोपड़ा समेत तीनों भारतीय भाला फेंक के फाइनल में


ग्लासगो, 30 जुलाई (हि.स.)। भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने राष्ट्रमंडल खेल-2026 की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को क्वालीफिकेशन राउंड में नीरज के साथ भारत के रोहित यादव और यशवीर सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

क्वालीफिकेशन राउंड में किसी भी खिलाड़ी ने 84 मीटर के स्वचालित क्वालीफिकेशन मानक को पार नहीं किया। ऐसे में सर्वश्रेष्ठ 12 खिलाड़ियों को फाइनल में प्रवेश दिया गया। नीरज चोपड़ा ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में 79.61 मीटर भाला फेंका और कुल स्टैंडिंग में पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई।

भारत के रोहित यादव ने 78.37 मीटर के साथ नौवां और यशवीर सिंह ने 78.36 मीटर के साथ 10वां स्थान हासिल कर फाइनल का टिकट पक्का किया। इस तरह भारत के तीनों भाला फेंक खिलाड़ियों ने पदक दौर में प्रवेश कर देश की उम्मीदों को और मजबूत कर दिया।

क्वालीफिकेशन में श्रीलंका के रुमेश पाथिराजे ने 82.84 मीटर के साथ पहला स्थान हासिल किया। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (81.29 मीटर) दूसरे और दक्षिण अफ्रीका के डाउ स्मिट (80.64 मीटर) तीसरे स्थान पर रहे। इंग्लैंड के बेन ईस्ट (80.38 मीटर) चौथे स्थान पर रहे, जबकि नीरज पांचवें स्थान पर रहे। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 78.63 मीटर के साथ सातवें स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाई।

अब पुरुष भाला फेंक स्पर्धा का फाइनल 1 अगस्त को खेला जाएगा, जहां नीरज चोपड़ा 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक दोहराने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। भारत को इस स्पर्धा में तीन खिलाड़ियों के फाइनल में पहुंचने से पदक की मजबूत उम्मीदें हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story