महिला प्रीमियर लीग 2027 के मुंबई चरण का आयोजन अब वानखेड़े स्टेडियम में होगा

WhatsApp Channel Join Now
महिला प्रीमियर लीग 2027 के मुंबई चरण का आयोजन अब वानखेड़े स्टेडियम में होगा


नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 के मुंबई चरण के आयोजन स्थल में बदलाव की घोषणा की। अब मुंबई चरण के मुकाबले ब्रेबोर्न स्टेडियम के बजाय वानखेड़े स्टेडियम में खेले जाएंगे। हालांकि, मुकाबलों की तारीखों और कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

डब्ल्यूपीएल संचालन परिषद ने 15 सितंबर को हुई बैठक में टूर्नामेंट के पांचवें संस्करण के मूल आयोजन स्थलों और तारीखों को मंजूरी दी थी। उस कार्यक्रम के अनुसार, मुंबई चरण के तहत 12वें से 20वें मुकाबले, एलिमिनेटर और फाइनल का आयोजन 26 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक ब्रेबोर्न स्टेडियम में होना था।

क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) को 14 फरवरी 2027 से पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भी करनी है। इसी को ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने चिंता जताई थी कि डब्ल्यूपीएल के समापन और बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट की शुरुआत के बीच का अंतर पिचों को दोबारा तैयार होने और उनकी स्थिति में सुधार के लिए पर्याप्त नहीं होगा। इसके बाद मुंबई चरण का आयोजन स्थल बदलने का फैसला किया गया।

डब्ल्यूपीएल 2027 की शुरुआत 14 जनवरी को वडोदरा में होगी। टूर्नामेंट के पहले 11 मुकाबले 24 जनवरी तक वडोदरा में खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता मुंबई पहुंचेगी, जहां 7 फरवरी को फाइनल के साथ इसका समापन होगा। दोनों आयोजन स्थलों पर सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777407 Articles

Share this story