महिला टी20 विश्व कप: पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 37 रन से हराया, जीत के साथ किया अभियान का समापन

WhatsApp Channel Join Now
महिला टी20 विश्व कप: पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 37 रन से हराया, जीत के साथ किया अभियान का समापन


ब्रिस्टल, 27 जून (हि.स.)। पाकिस्तान महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान का समापन जीत के साथ किया। शनिवार को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 37 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली और एकमात्र जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में छह विकेट पर 126 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज गुल फिरोजा ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 63 रन बनाए। उन्होंने आयशा जफर (32 रन, 29 गेंद) के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। 15 ओवर तक पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 102 रन था, लेकिन अंतिम पांच ओवरों में टीम ने केवल 16 रन जोड़ते हुए चार विकेट गंवा दिए। नीदरलैंड्स की ओर से आइरिस ज्विलिंग ने दो विकेट लिए।

127 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स ने तेज शुरुआत की। हीदर सीगर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती ओवरों में रन गति बनाए रखी, लेकिन डायना बेग ने उन्हें पगबाधा आउट कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद फीबे मोल्केनबोअर रन आउट हो गईं, जिससे टीम दबाव में आ गई।

पाकिस्तान की स्पिन तिकड़ी नशरा संधू, तुबा हसन और आयशा जफर ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए रन बनाने के मौके नहीं दिए। कप्तान बाबेट डी लीडे ने 30 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।

अंतिम चरण में कप्तान फातिमा सना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 18वें ओवर में तीन विकेट झटककर नीदरलैंड्स की पारी समेट दी। नीदरलैंड्स की पूरी टीम 18 ओवर में 89 रन पर सिमट गई और अपने पहले महिला टी20 विश्व कप अभियान में जीत दर्ज करने से चूक गई।

संक्षिप्त स्कोर:

पाकिस्तान: 126/6 (20 ओवर) – गुल फिरोजा 63, आयशा जफर 32; आइरिस ज्विलिंग 2/19।

नीदरलैंड्स: 89 (18 ओवर) – बाबेट डी लीडे 30; आयशा जफर 3/13, फातिमा सना 3/12।

परिणाम: पाकिस्तान 37 रन से विजयी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story