महिला डीपीएल में जीत के बाद तनीषा सिंह बोलीं- टीम पर दबाव नहीं, जिम्मेदारी थी

WhatsApp Channel Join Now
महिला डीपीएल में जीत के बाद तनीषा सिंह बोलीं- टीम पर दबाव नहीं, जिम्मेदारी थी


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। गत चैंपियन साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने महिला दिल्ली प्रीमियर लीग-2026 (महिला डीपीएल) में शानदार शुरुआत करते हुए गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 29 रन से हरा दिया। टीम की जीत में तनीषा सिंह और निशिका सिंह की अर्धशतकीय पारियों ने अहम भूमिका निभाई।

शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद तनीषा ने निशिका के साथ मिलकर पारी को संभाला और 82 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। तनीषा ने मैच के बाद कहा, “मैं इसे दबाव नहीं, जिम्मेदारी के तौर पर देखती हूं। टीम ने मुझे स्पष्ट भूमिका दी थी कि क्रीज पर समय बिताना है, स्ट्राइक रोटेट करनी है और मौका मिलने पर बाउंड्री लगानी है। मुझे अपनी क्षमता पर भरोसा था और पता था कि अगर मैं क्रीज पर टिकी रही तो रन जरूर आएंगे।”

निशिका के साथ साझेदारी के दौरान अपनी रणनीति के बारे में तनीषा ने कहा कि दोनों बल्लेबाजों का लक्ष्य अधिक से अधिक समय क्रीज पर बिताना और लगातार एक-दो रन लेकर गेंदबाजों पर दबाव बनाना था। उन्होंने कहा, “निशिका और मैं लगातार बात कर रहे थे कि क्रीज पर ज्यादा समय बिताना है और सिंगल लेते रहना है। सिंगल गेंदबाज पर अलग तरह का दबाव बनाता है और इससे उसे खराब गेंद डालने के लिए मजबूर होना पड़ता है। ओवर में अगर हमें एक बाउंड्री मिल जाती थी तो हम उसका फायदा उठाकर बड़ा ओवर बनाने की कोशिश करते थे।”

शानदार जीत के बावजूद तनीषा ने टीम की गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में सुधार की जरूरत स्वीकार की। उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी अच्छी रही, लेकिन गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में टीम कुछ कमजोर रही, जिसके कारण विपक्षी टीम 127 रन तक पहुंचने में सफल रही। उन्होंने कहा कि इस पिच पर गेंद को ज्यादा फ्लाइट देने के बजाय थोड़ा सपाट गेंदबाजी करना अधिक प्रभावी हो सकता था।

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 156 रन बनाए। निशिका सिंह और तनीषा सिंह ने अर्धशतक लगाए। सेंट्रल दिल्ली क्वींस की ओर से सुमिति सोनी ने 2/13 और मेधावी बिधूड़ी ने 2/24 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस की शुरुआत खराब रही और टीम 31 रन पर तीन विकेट गंवा बैठी। निधि महतो ने 55 गेंदों पर 63 रन और मोनिका ने 30 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 127 रन ही बना सकी।

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की ओर से मयूरी सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 15 रन देकर दो विकेट लिए और टीम को 29 रन की जीत दिलाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story