वीपीएल सीजन-2 में डबल खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेगी नेको मास्टर ब्लास्टर
नागपुर, 07 मई (हि.स.)। विदर्भ प्रीमियर लीग (वीपीएल) सीजन-2 से पहले गत चैंपियन नेको मास्टर ब्लास्टर ने अपनी तैयारियों को लेकर बड़ा भरोसा जताया है। हाल ही में हुए खिलाड़ी ऑक्शन में मजबूत टीम तैयार करने के बाद फ्रेंचाइजी ने इस सीजन पुरुष और महिला दोनों वर्गों में खिताब जीतने का लक्ष्य रखा है।
जितेश शर्मा की कप्तानी वाली पुरुष टीम ने अपने मुख्य खिलाड़ियों को बरकरार रखते हुए कुछ अहम नए खिलाड़ियों को भी शामिल किया है। टीम में हर्ष दुबे जैसे अनुभवी खिलाड़ी की एंट्री से संतुलन और मजबूत हुआ है।
नेको मास्टर ब्लास्टर के मालिक आनंद जायसवाल ने टीम की तैयारियों पर कहा,“हमने ऑक्शन में पूरी स्पष्टता और योजना के साथ हिस्सा लिया। हमारा लक्ष्य सही क्षेत्रों में टीम को मजबूत करना था, ताकि विदर्भ क्षेत्र को गर्व महसूस हो। हमें टीम संयोजन से संतोष है और इस बार हमारा लक्ष्य दो ट्रॉफियां जीतना है।”
जयसवाल नेको ग्रुप के प्रबंध निदेशक रमेश जायसवाल ने कहा, “डिफेंडिंग चैंपियन होने के नाते टीम पर जिम्मेदारी ज्यादा होती है। हमें विश्वास है कि इस बार टीम में गुणवत्ता, गहराई और संतुलन का बेहतरीन मिश्रण है। अब हमारा पूरा ध्यान बेहतर तैयारी और पिछले सीजन जैसी भूख बनाए रखने पर है।”
कप्तान जितेश शर्मा ने भी टीम संयोजन पर संतोष जताते हुए कहा, “हमने एक मजबूत और संतुलित टीम बनाई है। अब हमारा फोकस एकजुट होकर सीजन की तैयारी करने पर है। डिफेंडिंग चैंपियन होने के कारण अपेक्षाएं ज्यादा रहेंगी, लेकिन हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
नेको डिफेंस सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सिद्धार्थ जायसवाल ने कहा, “पुरुष और महिला दोनों टीमों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का स्वागत करना हमारे लिए गर्व की बात है। हमारा उद्देश्य खिलाड़ियों को ऐसा माहौल देना है, जहां वे खुलकर खेल सकें और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।”
फ्रेंचाइजी महिला क्रिकेट को भी लगातार बढ़ावा दे रही है। श्रद्धा नबीरा की कप्तानी वाली महिला टीम इस सीजन अपना पहला खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। फ्रेंचाइजी का कहना है कि वह पुरुष और महिला दोनों वर्गों में प्रतिभाओं को निखारने, प्रशंसकों को प्रेरित करने और विदर्भ का गौरव बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वीपीएल सीजन-2 के लिए नेको मास्टर ब्लास्टर टीम
पुरुष टीम:
जितेश शर्मा, अध्ययन डागा, आर्यन मेश्राम, शनमेश देशमुख, अननमय जायसवाल, वेदांत दिघाडे, वैभव चांदेकर, अभिषेक गुप्ता, शांतनु राजपूत, दीपेश परवानी, हर्ष दुबे, अविनाश जाधव, आर्या दुरुगकर, गौरव धोबले, गौरव फर्डे, कुश खंडेलवाल।
महिला टीम:
श्रद्धा नबीरा (कप्तान), आर्या गोहाने (उपकप्तान), नूपुर कोहले, स्नेहल मनियार, निहारी कवाले, श्रेया लांजेवार, यशाश्री सोले, सलोनी राजपूत, सानिया चौरसिया, शिवानी धरने, नंदिनी प्रधान, वंशिका पांड्या, गर्गी बनोटे, जान्हवी तिचकुले, दिया भागवत, अश्विनी देशमुख।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

