कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा का खुलासा, विराट भी देखते हैं अबूधाबी टी10 लीग

WhatsApp Channel Join Now
कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा का खुलासा, विराट भी देखते हैं अबूधाबी टी10 लीग


कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा का खुलासा, विराट भी देखते हैं अबूधाबी टी10 लीग


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली भले अब तक दस ओवर के क्रिकेट प्रारूप में नहीं खेले हैं लेकिन वह अबूधाबी टी10 लीग पर नजर रख रहे हैं। उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने यह खुलासा किया है। शर्मा इस सत्र में यूनाइटेड टाइगर्स के साथ अपनी पहली टी10 प्रतियोगिता में कोच की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर विराट इस प्रारूप में खेलते हैं तो वह यहां भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे और दर्शक उन्हें पसंद करेंगे।

द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित राजकुमार शर्मा ने सोमवार को जायद क्रिकेट स्टेडियम में अरेबियन एसेस के खिलाफ यूनाइटेड टाइगर्स की सात विकेट से हार के बाद कहा, ''मैंने विराट को बताया था कि मैं यहां जा रहा हूं और मेरी भूमिका क्या होगी। उसे इस टूर्नामेंट के बारे में पता है और मुझे मालूम है कि वह इसे देख रहा है।''

विराट कोहली को बचपन से क्रिकेट सिखाने वाले शर्मा ने कहा, ''विराट ने अभी तक इस प्रारूप में क्रिकेट नहीं खेला है लेकिन अगर वह खेलते हैं तो अच्छा प्रदर्शन करेंगे और लोग उन्हें बहुत पसंद करेंगे।''

करीब तीन दशक से क्रिकेट की कोचिंग कर रहे राजकुमार शर्मा ने पश्चिमी दिल्ली क्रिकेट अकादमी की स्थापना की थी। वह विराट कोहली को एक बेहतरीन बल्लेबाज बनाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। शर्मा का मानना है कि किसी खिलाड़ी की असली परीक्षा टेस्ट क्रिकेट में होती है। हालांकि, उन्होंने पहली बार टी10 प्रारूप में काम करने के अनुभव को रोमांचक बताया।

उन्होंने कहा, ''मैं इस भूमिका का निश्चित रूप से आनंद ले रहा हूं। टीम अच्छी है, माहौल बहुत अच्छा है और मैं काफी उत्साहित हूं। यह बिल्कुल अलग तरह का क्रिकेट है। सच कहूं तो टी10 में मेरा यह पहला अनुभव है और पुराने जमाने का कोच होने के नाते मैं अभी इस प्रारूप को समझ रहा हूं। मैंने 50 ओवर और 20 ओवर के क्रिकेट में काम किया है, अब दस ओवर का प्रारूप मेरे लिए नया सबक है। इसमें काफी ऊर्जा और तीव्रता है। वापसी करना मुश्किल होता है और मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धी रहता है।''

टेस्ट क्रिकेट को बताया असली क्रिकेट

राजकुमार शर्मा ने युवा खिलाड़ियों के लिए टेस्ट क्रिकेट को सबसे बेहतर प्रारूप बताते हुए कहा कि जो खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट में सफल होता है, वह एकदिवसीय, टी20 और टी10 में भी खेल सकता है। हालांकि, छोटे प्रारूपों में सफल खिलाड़ी के लिए टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता।

उन्होंने कहा, ''पुराने जमाने का कोच होने के नाते मेरा मानना है कि टेस्ट क्रिकेट ही असली क्रिकेट है। अगर कोई खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट में अच्छा है तो वह एकदिवसीय, टी20 या टी10 भी खेल सकता है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि टी10 या टी20 खेलने वाला खिलाड़ी आसानी से अच्छा टेस्ट खिलाड़ी बन सकता है। इसके कुछ अपवाद हो सकते हैं लेकिन तकनीकी रूप से दोनों प्रारूप अलग हैं। यहां काफी ताकत के साथ बड़े शॉट खेलने पड़ते हैं।''

फखर जमान का विकेट बड़ा झटका रहा

सोमवार को अरेबियन एसेस के खिलाफ मुकाबले में यूनाइटेड टाइगर्स को सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। कप्तान फखर जमान केवल एक रन बनाकर आउट हो गए। इफ्तिखार अहमद ने 24 गेंदों पर 46 रन की पारी खेलकर टीम को पांच विकेट पर 103 रन तक पहुंचाया। इसके जवाब में मोईन अली, सैम बिलिंग्स और आंद्रे रसेल के योगदान से अरेबियन एसेस ने सात गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

हार पर शर्मा ने कहा, ''हम 125 से 130 रन के आसपास पहुंचने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन कम से कम 20 रन पीछे रह गए। फखर का विकेट हमारे लिए बड़ा झटका था। वह हमारी टीम के मुख्य खिलाड़ी हैं और बड़े शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, क्रिकेट में ऐसा होता रहता है।''

यूनाइटेड टाइगर्स की टीम में पाकिस्तान के कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, साहिबजादा फरहान, फहीम अशरफ, अब्बास अफरीदी और उस्मान तारिक प्रमुख हैं। भारतीय कोच होने के बावजूद पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ अपने संबंधों को लेकर शर्मा ने कहा, ''हमारे बीच बहुत अच्छा तालमेल है। मैं उनकी मदद कर रहा हूं और वे भी मेरी बातों पर बहुत अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।''

टी10 में अभिषेक शर्मा को देखना चाहते हैं

राजकुमार शर्मा ने विराट कोहली के अलावा भारतीय युवा खिलाड़ियों में अभिषेक शर्मा को टी10 प्रारूप में खेलते देखने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा, ''अगर आप अभिषेक शर्मा और हमारे बाकी युवा खिलाड़ियों को देखें तो वे सभी बहुत अच्छे हैं।''

हालांकि, उन्होंने विराट कोहली का अगला विकल्प तलाशने की बात को खारिज किया। शर्मा ने कहा, ''विराट की जगह कोई नहीं ले सकता। विराट कोहली बनने में बहुत लंबा समय लगता है। किसी खिलाड़ी को ऐसे महान खिलाड़ियों की बराबरी करने की दावेदारी में आने के लिए दस साल से ज्यादा समय तक खेलना पड़ता है। युवा खिलाड़ी आ रहे हैं और उनमें काफी प्रतिभा है। हमारे पास कई अच्छे खिलाड़ी हैं। शुभमन गिल हमारे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं और अभिषेक शर्मा भी अच्छे खिलाड़ी हैं। लेकिन उन्हें समय देना होगा। उन्हें कुछ वर्षों तक खेलना होगा और लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इसके बाद ही हम सोच सकते हैं कि क्या कोई विराट की जगह लेने में सक्षम है।''

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story