यूपीटी20 सीजन-4: दो बार की चैंपियन काशी रुद्रास ने पूरी की टीम, मोहम्मद शारिम बने सबसे महंगे खिलाड़ी

WhatsApp Channel Join Now
यूपीटी20 सीजन-4: दो बार की चैंपियन काशी रुद्रास ने पूरी की टीम, मोहम्मद शारिम बने सबसे महंगे खिलाड़ी


आगरा, 25 जुलाई (हि.स.)। दो बार की चैंपियन काशी रुद्रास ने यूपीटी20 सीजन-4 के लिए शुक्रवार को आयोजित खिलाड़ी नीलामी के बाद अपनी 18 सदस्यीय टीम पूरी कर ली।

खिताब बचाने के लक्ष्य के साथ उतरी काशी रुद्रास ने अपने 12 रिटेन खिलाड़ियों को बरकरार रखते हुए नीलामी में छह नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया।

फ्रेंचाइजी ने ऑलराउंडर मोहम्मद शारिम को 17.50 लाख रुपये में खरीदकर अपना सबसे बड़ा दांव खेला। इसके अलावा गेंदबाज वैभव चौधरी, ऑलराउंडर विजय यादव और विराट जायसवाल, जबकि बल्लेबाज मानव सिंधु और साहब युवराज सिंह को भी टीम में शामिल किया गया। इन खिलाड़ियों के आने से टीम को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंड विभाग में अतिरिक्त मजबूती मिली है।

नीलामी के बाद काशी रुद्रास के प्रतिनिधि सुखविंदर सिंह ने कहा कि टीम ने नीलामी में अपनी सभी प्राथमिकताओं को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि हर नया सीजन नई चुनौतियां लेकर आता है। दो बार चैंपियन बनने के बावजूद टीम को फिर से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मेहनती खिलाड़ियों का यह समूह एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करेगा।

काशी रुद्रास ने नए सीजन की तैयारियों के साथ जमीनी स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में भी कदम बढ़ाया है। फ्रेंचाइजी ने 'रुद्रास कप' की शुरुआत की है, जो किसी यूपीटी20 फ्रेंचाइजी द्वारा आयोजित अपनी तरह का पहला क्षेत्रीय स्काउटिंग टूर्नामेंट है। इसके साथ ही व्यापक खिलाड़ी ट्रायल्स के जरिए उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने और फ्रेंचाइजी तक पहुंचने का अवसर दिया गया।

काशी रुद्रास की पूरी टीम (यूपीटी20 सीजन-4)

कप्तान: करण शर्मा

रिटेन खिलाड़ी: करण शर्मा, अभिषेक गोस्वामी, उपेंद्र यादव, अटल बिहारी राय, शुभम चौबे, कार्तिक यादव, सुनील कुमार, सक्षम राय, उवैस अहमद, ऋषभ राजपूत, दीपांशु यादव, अर्नव बलियान।

नीलामी में शामिल खिलाड़ी: मोहम्मद शारिम, वैभव चौधरी, विजय यादव, विराट जायसवाल, मानव सिंधु और साहब युवराज सिंह।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story