यूपीएल 2026: आंकड़ों में दिखा उत्तराखंड की नई प्रतिभाओं का दम

WhatsApp Channel Join Now
यूपीएल 2026: आंकड़ों में दिखा उत्तराखंड की नई प्रतिभाओं का दम


देहरादून, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) 2026 का रोमांच चरम पर है। लीग के आंकड़े इस सीजन बल्लेबाजों और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की तस्वीर पेश कर रहे हैं। शतकीय पारी से लेकर छह विकेट के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तक, कई खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा है।

रनों की दौड़ में विजय शर्मा सबसे आगे हैं। उन्होंने अब तक 221 से अधिक रन बनाए हैं। युवराज चौधरी 183 रन और आंजनेया सूर्यवंशी 182 रन के साथ उनके पीछे हैं। सीजन की अब तक की एकमात्र शतकीय पारी दीक्षांशु नेगी के बल्ले से निकली, जिन्होंने नाबाद 108 रन बनाए। विजय शर्मा तीन अर्धशतकों के साथ इस मामले में भी सबसे आगे हैं, जबकि युवराज चौधरी और आंजनेया सूर्यवंशी ने दो-दो अर्धशतक लगाए हैं।

छक्के लगाने के मामले में विजय शर्मा ने सबसे ज्यादा 24 छक्के जड़े हैं। आंजनेया सूर्यवंशी ने 13 और युवराज चौधरी ने 12 छक्के लगाए हैं। चौकों की सूची में दीक्षांशु नेगी 17 चौकों के साथ शीर्ष पर हैं। कुणाल चंदेला और आंजनेया सूर्यवंशी ने 14-14 चौके लगाए हैं।

गेंदबाजी में रविंदर नेगी 10 विकेट के साथ सबसे आगे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तीन रन देकर छह विकेट है। अदि खान ने 26 रन देकर पांच विकेट लेकर इस सीजन का अब तक का एकमात्र पांच विकेट वाला स्पेल किया है। जनमेजय जोशी और देवेंद्र बोरा ने आठ-आठ विकेट लिए हैं। जनमेजय का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन चार विकेट पर 22 रन और देवेंद्र बोरा का तीन विकेट पर 10 रन रहा है।

यूपीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़े इस सीजन खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तस्वीर सामने रख रहे हैं। रोहित दानू, कुणाल चंदेला, निशु पटेल समेत कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से ध्यान खींचा है। लीग के आगे बढ़ने के साथ इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर घरेलू क्रिकेट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अवसरों के लिहाज से भी नजर रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story