टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ दिल तोड़ने पड़ें तो भी परवाह नहीं: मिचेल सैंटनर

WhatsApp Channel Join Now
टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ दिल तोड़ने पड़ें तो भी परवाह नहीं: मिचेल सैंटनर


अहमदाबाद, 07 मार्च (हि.स.)। मिचेल सैंटनर की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड की टीम आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम का सामना करने के लिए तैयार है। मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि अगर ट्रॉफी जीतने के लिए उन्हें भारतीय दर्शकों को निराश करना पड़े तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं होगी।

सैंटनर ने कहा, “हम ट्रॉफी जीतना चाहते हैं। पिछले कुछ वर्षों में हमारी टीम आईसीसी के सफेद गेंद टूर्नामेंटों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही है। हम परिस्थितियों या विरोधी टीम से ज्यादा प्रभावित हुए बिना अपने खेल पर ध्यान देने की कोशिश करते हैं।”

उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम को अक्सर ऐसी टीम माना जाता है जो ट्रॉफी भले ही न जीते, लेकिन लोगों का दिल जरूर जीत लेती है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सैंटनर ने कहा कि इस बार टीम ट्रॉफी जीतने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा, “सब जानते हैं कि शायद हम फेवरेट नहीं हैं, लेकिन हमें इससे फर्क नहीं पड़ता। अगर हम छोटी-छोटी चीजें सही तरीके से करें और टीम के रूप में अच्छा प्रदर्शन करें तो हमारे पास ट्रॉफी जीतने का अच्छा मौका होगा। ट्रॉफी उठाने के लिए अगर कुछ दिल तोड़ने पड़ें तो मुझे कोई दिक्कत नहीं होगी।”

पिच को लेकर सैंटनर ने कहा कि उन्होंने अभी तक विकेट नहीं देखा है, क्योंकि वह अभी ढका हुआ है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि यह बल्लेबाजों के लिए अनुकूल और हाई-स्कोरिंग पिच हो सकती है।

न्यूजीलैंड के कप्तान ने भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बुमराह शानदार फॉर्म में हैं और इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने मैच का रुख बदल दिया था।

सैंटनर ने कहा, “बुमराह विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं और जिस तरह से वह इस टूर्नामेंट में गेंदबाजी कर रहे हैं, उसे देखते हुए वह हर टीम के लिए बड़ा खतरा हैं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story