सचिवालय प्रीमियर लीग: यूनाइटेड और जायंट्स की शानदार जीत

WhatsApp Channel Join Now
सचिवालय प्रीमियर लीग: यूनाइटेड और जायंट्स की शानदार जीत


सचिवालय प्रीमियर लीग: यूनाइटेड और जायंट्स की शानदार जीत


देहरादून, 28 नवंबर (हि.स.)। सचिवालय प्रीमियर लीग 2026 में सचिवालय यूनाइटेड और सचिवालय जायंट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। यूनाइटेड ने सचिवालय डेंजर्स को सात रन से हराया, जबकि जायंट्स ने सचिवालय बुल्स के खिलाफ 111 रन से एकतरफा जीत दर्ज की।

पहले मुकाबले में सचिवालय यूनाइटेड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 125 रन बनाए। टीम की ओर से हरीश सैनी ने 27 और संतोष पांडे ने 24 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। डेंजर्स की ओर से वीरेंद्र सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय डेंजर्स की टीम रविंद्र के 28 रन के बावजूद चंदू पुरोहित की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। चंदू ने पांच विकेट झटककर डेंजर्स की पारी को 18 ओवर में 118 रन पर समेट दिया। इस तरह सचिवालय यूनाइटेड ने सात रन से मुकाबला अपने नाम किया।

दूसरे मुकाबले में सचिवालय जायंट्स ने बल्लेबाजी में दमदार प्रदर्शन किया। कपिल ने 90 रन की शानदार पारी खेली, जबकि सुनील मैंदोला ने 55 रन बनाए। दोनों की पारियों की बदौलत जायंट्स ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 215 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय बुल्स की टीम जायंट्स के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सकी। राकेश जोशी ने तीन विकेट लिए, जबकि ओमेश और अनुज चमोली ने दो-दो विकेट हासिल किए। बुल्स की पूरी टीम 15.5 ओवर में 104 रन पर सिमट गई। इस तरह सचिवालय जायंट्स ने 111 रन से बड़ी जीत दर्ज की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story