भारत बनाम इंग्लैंड: वैभव सूर्यवंशी का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करेगी टीम इंडिया
मैनचेस्टर, 04 जुलाई (हि.स.)। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। हालांकि मैच शुरू होने से पहले सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय पदार्पण को लेकर रही।
इसके साथ ही वैभव भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। 15 साल 99 दिन की उम्र में डेब्यू करने वाले वैभव ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। इससे पहले सचिन ने 16 वर्ष 205 दिन की उम्र में टेस्ट और 16 वर्ष 238 दिन की उम्र में वनडे क्रिकेट में पदार्पण किया था।
टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के सबसे युवा डेब्यूटेंट का रिकॉर्ड अब तक वॉशिंगटन सुंदर (18 वर्ष 80 दिन) के नाम था। वैभव हाल ही में आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद चर्चा में आए थे।
उन्होंने टूर्नामेंट में 776 रन बनाए और 237 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। अपने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर उन्होंने सभी का ध्यान खींचा था।
श्रेयस अय्यर ने बताया डेब्यू का कारण
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के दौरान कहा कि वैभव पूरी तरह इस अवसर के हकदार हैं। उन्होंने कहा,वैभव ने पिछले कुछ महीनों में जिस तरह बल्लेबाजी की है, वह इस टीम में जगह पाने के पूरी तरह हकदार हैं। वह बिल्कुल दबाव नहीं लेते। ड्रेसिंग रूम में भी उनका स्वभाव बेहद शांत है और नेट्स में जिस आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हैं, उससे उनके मजबूत चरित्र का पता चलता है।
अय्यर ने यह भी बताया कि टीम में केवल एक बदलाव किया गया है और संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है।
भारत की प्लेइंग इलेवन
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

