सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (राउंडअप): प्रियांश के शतक से दिल्ली की बड़ी जीत, बंगाल, हैदराबाद ने भी जीते अपने मुकाबले

WhatsApp Channel Join Now
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (राउंडअप): प्रियांश के शतक से दिल्ली की बड़ी जीत, बंगाल, हैदराबाद ने भी जीते अपने मुकाबले


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी-2026 के मुकाबलों में मंगलवार को बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। प्रियांश आर्य के रिकॉर्ड 181 रन की बदौलत दिल्ली ने तमिलनाडु को 116 रन से करारी शिकस्त दी। बारिश से प्रभावित मुकाबले में बंगाल ने उत्तर प्रदेश को 93 रन से हराया। दूसरी ओर, हैदराबाद और महाराष्ट्र ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की, जबकि पंजाब और चंडीगढ़ ने भी अपने मुकाबलों में दमदार जीत हासिल की।

प्रियांश के रिकॉर्ड शतक से दिल्ली की बड़ी जीत

इंदौर के डेली कॉलेज मैदान पर दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 275 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए प्रियांश आर्य ने 68 गेंदों में 181 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में सात चौके और 19 छक्के शामिल रहे। यह पुरुष टी-20 क्रिकेट का दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उनसे आगे लुआन-ड्रे प्रिटोरियस हैं, जिनके नाम 200 रन की पारी दर्ज है।

प्रियांश ने टी-20 क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी बनाया और एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी की। उन्होंने यश ढुल के आठ रन बनाकर आउट होने के बाद नितीश राणा के साथ पारी को आगे बढ़ाया। राणा ने 17 गेंदों में 18 रन बनाए। दोनों ने उपयोगी साझेदारी की।

प्रियांश ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए केवल 38 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। तेजस्वी दहिया ने आठ रन बनाए, जबकि अनुज रावत 22 गेंदों में 29 रन बनाकर नाबाद रहे। प्रियांश की शानदार पारी के दम पर दिल्ली ने 275 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की टीम 18.3 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। तुषार राहेजा ने 21 गेंदों में 31, शाहरुख खान ने 19 गेंदों में 30 और रविश्रीनिवासन साई किशोर ने 15 गेंदों में 21 रन बनाए।

दिल्ली की ओर से सुयश शर्मा ने 21 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि मयंक यादव ने 25 रन देकर दो विकेट हासिल किए। दिग्वेश सिंह राठी ने मध्य और अंतिम ओवरों में अहम योगदान दिया। दिल्ली ने यह मुकाबला 116 रन से अपने नाम किया।

बारिश से प्रभावित मैच में बंगाल ने यूपी को हराया

मुंबई के शरद पवार क्रिकेट अकादमी मैदान पर बारिश के कारण 15 ओवर के हुए मुकाबले में बंगाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में उत्तर प्रदेश की टीम सात विकेट पर 108 रन ही बना सकी और उसे 93 रन से हार का सामना करना पड़ा।

बंगाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सुदीप घरामी जल्दी आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक पोरेल और अभिमन्यु ईश्वरन ने पारी को संभाला। पोरेल ने 39 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 69 रन बनाए, जबकि ईश्वरन ने 13 गेंदों में 19 रन का योगदान दिया।

इसके बाद करण लाल ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 29 गेंदों में नाबाद 82 रन ठोक दिए। उन्होंने लगातार चौके-छक्के लगाकर बंगाल को 200 रन के पार पहुंचाया। ऋषभ चौधरी ने सात गेंदों में नाबाद 18 रन बनाकर पारी को शानदार अंत दिया।

उत्तर प्रदेश की ओर से कुलदीप यादव ने एक विकेट लिया, जबकि यश दयाल और शिवम मावी को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। करण शर्मा ने 18 गेंदों में 27 रन बनाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार 21 गेंदों में 25 रन बनाकर नाबाद रहे। बंगाल की ओर से प्रदीप्त प्रमाणिक ने तीन ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट लिए। अखिलेश यादव ने दो विकेट हासिल किए, जबकि सायन घोष और मुकेश कुमार को एक-एक सफलता मिली। करण लाल को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

आखिरी गेंद पर हैदराबाद ने गुजरात को हराया

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हैदराबाद ने गुजरात के खिलाफ आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल कर टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने सात विकेट पर 187 रन बनाए।

हैदराबाद ने शुरुआती तीन ओवर में ही गुजरात के दो विकेट हासिल कर लिए थे। इसके बाद हर्षल पटेल ने 40, उमंग कुमार ने 28 और खिलन पटेल ने 28 रन बनाकर पारी को संभाला। आशुतोष शर्मा ने 40 रन बनाकर नाबाद रहते हुए गुजरात को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत भी खराब रही और सलामी बल्लेबाज अभिरथ रेड्डी दूसरी गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद अमन राव पेराला ने 59 और कोडिमेला हिमतेजा ने 54 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। राहुल बुद्धि ने भी 39 रन का योगदान दिया।

आखिरी ओवर में हैदराबाद को जीत के लिए 24 रन चाहिए थे। राहुल ने पहली तीन गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया, लेकिन चौथी गेंद पर वह रन आउट हो गए। प्रणव वर्मा ने पांचवीं गेंद पर छक्का लगाया और अंतिम गेंद पर एक रन लेकर हैदराबाद को जीत दिला दी।

महाराष्ट्र ने भी आखिरी गेंद पर दर्ज की जीत

चंडीगढ़ के पीसीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में महाराष्ट्र ने त्रिपुरा को आखिरी गेंद पर हराकर टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए त्रिपुरा ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 62 रन बना लिए थे। हालांकि, महाराष्ट्र ने वापसी करते हुए तीन गेंदों के भीतर तीन विकेट झटक लिए। सातवें ओवर की अंतिम गेंद पर एक विकेट गिरा, जबकि आठवें ओवर की पहली दो गेंदों पर दो और बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।

लगातार विकेट गिरने के बावजूद कप्तान मणिशंकर मुरासिंह ने 66 रन बनाकर पारी को संभाला। त्रिपुरा ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 181 रन बनाए। महाराष्ट्र की ओर से विवेक शेलार ने चार विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए महाराष्ट्र ने चौथे ओवर में पृथ्वी शॉ का विकेट गंवा दिया। इसके बाद साहिल परख ने 66 रन बनाकर पारी को संभाला। सिद्धेश वीर 34 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि विक्की ओस्तवाल ने 23 रन बनाए। ओस्तवाल ने अंतिम गेंद पर विजयी रन लेकर महाराष्ट्र को जीत दिलाई। त्रिपुरा की ओर से चिरंजीत पॉल ने चार विकेट हासिल किए।

पंजाब ने सौराष्ट्र को सात विकेट से हराया

इंदौर के होलकर स्टेडियम में ग्रुप बी के मुकाबले में पंजाब ने सौराष्ट्र को सात विकेट से हराया। इमांजोत सिंह चाहल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए, जिसके चलते सौराष्ट्र की टीम 18 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। सौराष्ट्र की ओर से हरविक देसाई ने सर्वाधिक 51 रन बनाए।

पंजाब ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 12.4 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। छठे ओवर में विहान मल्होत्रा के आउट होने के बाद अनमोलप्रीत सिंह ने 52 रन बनाए, जबकि नमन धीर 42 रन बनाकर नाबाद रहे। रमनदीप सिंह ने भी 12 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली।

चंडीगढ़ ने मिजोरम को 58 रन से हराया

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ग्रुप ए के मुकाबले में चंडीगढ़ ने मिजोरम को 58 रन से शिकस्त दी। कप्तान शिवम भांबरी ने 29 गेंदों में 61 रन की शानदार पारी खेली, जबकि संयम सैनी ने 32 रन बनाए। इन पारियों की बदौलत चंडीगढ़ ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 187 रन बनाए।

जवाब में मिजोरम की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 129 रन ही बना सकी। जेहू एंडरसन ने 46 गेंदों में नाबाद 50 और मनेंदर नरेंद्र सिंह ने 39 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। चंडीगढ़ की ओर से गेंदबाजों ने मिजोरम को लक्ष्य से दूर रखा। मिजोरम की यह टूर्नामेंट में लगातार छठी हार रही। टीम अब तक एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story