पीटर सिडल का बीबीएल में वापसी का रास्ता साफ, अनधिकृत लीग में खेलने से लगा बैन

WhatsApp Channel Join Now
पीटर सिडल का बीबीएल में वापसी का रास्ता साफ, अनधिकृत लीग में खेलने से लगा बैन


नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज पीटर सिडल के लिए बिग बैश लीग (बीबीएल) में वापसी का रास्ता अब साफ हो गया है। अनधिकृत ‘वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो टी-20 लीग’ में खेलने के कारण उन पर लगाया गया छह महीने का प्रतिबंध उन्हें इस साल काउंटी क्रिकेट से दूर रखेगा, लेकिन वे अगले सीजन में मेलबर्न स्टार्स के लिए उपलब्ध रहेंगे।

जनवरी-फरवरी में गोवा में आयोजित वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो टी-20 लीग में 41 वर्षीय सिडल ने हिस्सा लिया था। यह टूर्नामेंट भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से मान्यता प्राप्त नहीं था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के नियमों के अनुसार किसी भी गैर-मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट में खेलने वाले खिलाड़ी को कम से कम छह महीने तक ‘मान्यता प्राप्त क्रिकेट’ से दूर रहना होता है।

इसी नियम के तहत इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने सिडल पर छह महीने का प्रतिबंध लागू किया, जिसके चलते वे इस साल नॉटिंघमशायर के लिए टी-20 ब्लास्ट में नहीं खेल पाएंगे। सिडल को इस सीजन काउंटी टी-20 ब्लास्ट में नॉटिंघमशायर के लिए खेलना था, लेकिन अब उनका यह कार्यकाल रद्द कर दिया गया है।

नॉटिंघमशायर के क्रिकेट निदेशक मिक न्यूवेल ने निराशा जताते हुए कहा कि टीम सिडल जैसे अनुभवी खिलाड़ी की सेवाएं लेने को लेकर उत्साहित थी, लेकिन प्रतिबंध के कारण यह संभव नहीं हो सका। हालांकि, राहत की बात यह है कि सिडल का यह प्रतिबंध 2 फरवरी को खेले गए उनके आखिरी मैच से छह महीने बाद समाप्त हो जाएगा। ऐसे में दिसंबर में शुरू होने वाली बिग बैश लीग तक वे पूरी तरह से उपलब्ध रहेंगे।

सिडल ने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और पिछले साल फर्स्ट क्लास क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया। इसके बावजूद टी-20 क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है। उन्होंने हाल ही में मेलबर्न स्टार्स के साथ एक साल का नया अनुबंध भी किया है।

पिछले दो सीजन में सिडल मेलबर्न स्टार्स के लिए शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने 28 विकेट लिए हैं और उनकी गेंदबाजी औसत करीब 20 रही है। इसके अलावा, मौजूदा पाकिस्तान सुपर लीग (पीसीएल) में भी वे बेहतरीन फॉर्म में हैं और 9 मैचों में 12 विकेट लेकर शीर्ष गेंदबाजों में शामिल हैं।

गौरतलब है कि गोवा में खेले गए उस लीजेंड्स टूर्नामेंट में शेन वॉटसन, शॉन मार्श, कैलम फर्ग्यूसन और बेन कटिंग जैसे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी शामिल थे, लेकिन ये सभी अब पेशेवर क्रिकेट से दूर हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद साफ है कि सिडल को अल्पकालिक झटका जरूर लगा है, लेकिन बीबीएल में उनकी वापसी तय मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story