हैमस्ट्रिंग चोट के कारण भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हुए मिल्टन शुम्बा
हरारे, 23 जुलाई (हि.स.)। जिम्बाब्वे के बल्लेबाज मिल्टन शुम्बा दाईं हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह इनोसेंट काइया को टीम में शामिल किया गया है, जो सीरीज के पहले मुकाबले से पहले हरारे में टीम के साथ जुड़ चुके हैं।
शुम्बा का मंगलवार को स्कैन कराया गया, जिसमें उनकी हैमस्ट्रिंग की चोट की पुष्टि हुई। इसके बाद 25 वर्षीय बल्लेबाज को पूरी टी-20 श्रृंखला से बाहर कर दिया गया। उनके स्थान पर टीम में शामिल किए गए इनोसेंट काइया की भी लंबे समय बाद वापसी हुई है। उन्होंने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जुलाई 2024 में खेला था, जो संयोग से हरारे में भारत के खिलाफ ही था।
हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ समाप्त हुई तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला में शुम्बा ने सभी मुकाबले खेले थे। यह वर्ष 2022 के बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी थी।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला का पहला मुकाबला आज खेला जा रहा है। इसके बाद दूसरा और तीसरा मैच क्रमशः शनिवार और रविवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में ही आयोजित होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

