आईपीएल : शमी और एम.सिद्धार्थ राजस्थान रॉयल्स में, सैम करन लखनऊ से जुड़े

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल : शमी और एम.सिद्धार्थ राजस्थान रॉयल्स में, सैम करन लखनऊ से जुड़े


नई दिल्ली, 17 नवंबर (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली के तहत तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और बाएं हाथ के स्पिनर एम. सिद्धार्थ राजस्थान रॉयल्स में शामिल हो गए हैं। दोनों खिलाड़ी लखनऊ सुपर जायंट्स से राजस्थान रॉयल्स में आए हैं। इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन राजस्थान रॉयल्स से लखनऊ सुपर जायंट्स में चले गए हैं।

आईपीएल की ओर से मंगलवार को बताया गया कि लखनऊ सुपर जायंट्स ने मोहम्मद शमी को 10 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन अब उन्हें आठ करोड़ रुपये की संशोधित फीस पर राजस्थान रॉयल्स को सौंप दिया है। अनुभवी तेज गेंदबाज शमी राजस्थान की गेंदबाजी को मजबूती देंगे। उन्होंने अब तक आईपीएल के 132 मैचों में 145 विकेट लिए हैं। बाएं हाथ के स्पिनर एम. सिद्धार्थ भी अपनी मौजूदा फीस 75 लाख रुपये पर लखनऊ से राजस्थान रॉयल्स में शामिल हुए हैं। वह अपनी सटीक गेंदबाजी और नियंत्रण के लिए जाने जाते हैं।

दूसरी ओर, ऑलराउंडर सैम करन अपनी मौजूदा फीस 2.4 करोड़ रुपये पर राजस्थान रॉयल्स से लखनऊ सुपर जायंट्स में चले गए हैं। करन ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 59 विकेट लेने के साथ 997 रन बनाए हैं। वह अपनी विविधतापूर्ण गेंदबाजी और दबाव की परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उनके आने से लखनऊ की टीम को ऑलराउंडर के रूप में अतिरिक्त मजबूती मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story