आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन पर शेफाली वर्मा को आधिकारिक फटकार

WhatsApp Channel Join Now
आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन पर शेफाली वर्मा को आधिकारिक फटकार


नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा को जिम्बाब्वे के खिलाफ रविवार को खेले गए दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की आचार संहिता के उल्लंघन के लिए आधिकारिक फटकार लगाई गई है। उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।

शेफाली को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह अनुच्छेद अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान क्रिकेट के उपकरणों, कपड़ों, मैदान के उपकरणों या अन्य सुविधाओं के दुरुपयोग से संबंधित है।

यह घटना जिम्बाब्वे की पारी के 12वें ओवर में हुई। भारतीय गेंदबाज श्री चरणी की गेंद पर शेफाली ने मिड-ऑफ पर चिपो मुगेरी-तिरिपानो का कैच छोड़ दिया। इसके बाद निराशा में उन्होंने गेंद जमीन पर पटक दी।

शेफाली ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और आईसीसी अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल की जीएस लक्ष्मी द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया। इसलिए मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। 24 महीने की अवधि में यह उनका पहला उल्लंघन है। मैदान पर मौजूद अंपायर वृंदा राठी और गायत्री वेणुगोपालन, तीसरे अंपायर अन्ना हैरिस तथा चौथी अंपायर जननी नारायणन ने शेफाली के खिलाफ आरोप लगाए थे।

आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 के उल्लंघन पर आधिकारिक फटकार से लेकर खिलाड़ी की मैच फीस के अधिकतम 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा उल्लंघन की प्रकृति के अनुसार एक या दो डिमेरिट अंक भी दिए जा सकते हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763802 Articles

Share this story