पीजीडीएवी कॉलेज ने जीता स्वामी दयानंद सरस्वती टी-20 डे-नाइट टूर्नामेंट का खिताब

WhatsApp Channel Join Now
पीजीडीएवी कॉलेज ने जीता स्वामी दयानंद सरस्वती टी-20 डे-नाइट टूर्नामेंट का खिताब


नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.)। मेजबान पीजीडीएवी कॉलेज ने तीसरे स्वामी दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज टी-20 डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम ने पीजीडीएवी येल्लो को 8 विकेट से हराया।

इस जीत के नायक रहे ‘मैन ऑफ द मैच’ यश डबास, जिन्होंने 36 गेंदों में 91 रन (6 चौके, 10 छक्के) की तूफानी पारी खेली। गेंदबाजी में प्रणित ने 4 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट चटकाकर टीम की जीत की नींव रखी। मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पीजीडीएवी येल्लो ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 192 रन बनाए। टीम की ओर से ध्रुव नारंग ने शानदार 102 रन की पारी खेली, जबकि नैतिक यादव ने 58 रन का योगदान दिया।

गेंदबाजी में प्रणित ने 4 विकेट झटके, जबकि वैभव पांडे ने 46 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पीजीडीएवी कॉलेज ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 14.5 ओवर में 2 विकेट पर 196 रन बनाकर मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। यश डबास के अलावा अंकित कुमार ने 66 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। पीजीडीएवी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर दरविंदर कुमार ने विजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए।

पीजीडीएवी कॉलेज की पुरुष टीम ने 27 साल बाद इस सत्र में दिल्ली विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब भी जीता है। इसके अलावा कॉलेज ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पहली बार कुल 2.8 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story