हाथ में फ्रैक्चर के कारण भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हुए सैंटनर, फॉक्सक्रॉफ्ट को मौका

WhatsApp Channel Join Now
हाथ में फ्रैक्चर के कारण भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हुए सैंटनर, फॉक्सक्रॉफ्ट को मौका


वेलिंगटन, 17 नवंबर (हि.स.)।न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर दाहिने हाथ में फ्रैक्चर के कारण भारत के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।

न्यूजीलैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान सैंटनर को रविवार (15 नवंबर) को माउंट माउंगानुई में भारत के खिलाफ पांचवें वनडे मुकाबले के दौरान बल्लेबाजी करते समय दाहिने हाथ में चोट लगी थी। भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की एक गेंद उनके दाहिने हाथ के पिछले हिस्से पर लगी थी। न्यूजीलैंड की पारी के 37वें ओवर में चोट लगने के बाद फिजियो ने मैदान पर उनका उपचार किया। हालांकि, सैंटनर ने बल्लेबाजी जारी रखी और 24 रन बनाकर आउट हुए। बाद में कराई गई जांच में उनके हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जिसके कारण वह टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाएंगे।

न्यूजीलैंड क्रिकेट की ओर से जारी बयान में कहा गया, “सैंटनर की मैदान पर वापसी में लगने वाले समय को लेकर अभी आकलन किया जा रहा है। दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले चार टेस्ट मैचों के दौरे में उनकी उपलब्धता को लेकर उचित समय पर जानकारी दी जाएगी।”

सैंटनर की जगह डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। फॉक्सक्रॉफ्ट भारत के खिलाफ पिछले दो वनडे मुकाबलों में भी खेले थे। उन्होंने इस साल मई में आयरलैंड के खिलाफ अपना एकमात्र टेस्ट मैच खेला था, जिसमें 98 रन बनाए थे।

फॉक्सक्रॉफ्ट ने भारत ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने इन मैचों में 51, 42, 93 और नाबाद 10 रन बनाए थे।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में शुरू होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778315 Articles

Share this story