सचिन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के 37 साल पूरे होने पर बचपन की यादगार तस्वीर को जीवंत किया
नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण के 37 साल पूरे होने पर अपने बचपन की एक यादगार तस्वीर को जीवंत किया। उन्होंने अपने पहले क्रिकेट बल्ले को हाथ में लेकर बचपन की उसी प्रतिष्ठित तस्वीर को सोशल मीडिया पर साझा किया।
सचिन ने 15 नवंबर, 1989 को पाकिस्तान के खिलाफ कराची में अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। उस समय उनकी उम्र 16 साल और 205 दिन थी। वह कई वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी रहे। हालांकि, इस साल वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड में टी-20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण करते हुए 15 साल और 99 दिन की उम्र में उनका यह रिकॉर्ड तोड़ दिया।
सचिन के क्रिकेट सफर को याद करते ही प्रशंसकों के जेहन में बचपन की वह तस्वीर उभरती है, जिसमें लंबे बालों वाले नन्हे सचिन हाथ में बल्ला थामे गेंद का सामना करने के लिए तैयार नजर आते हैं। यह तस्वीर उनके बचपन की प्रतिभा से लेकर क्रिकेट के महानतम खिलाड़ियों में शामिल होने तक के सफर की याद दिलाती है।
अब 53 साल की उम्र में सचिन ने उसी बल्ले को हाथ में लेकर उस तस्वीर को फिर से जीवंत किया। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, “पहले बल्ले की बात है, 49 साल बाद भी मेरे साथ है!”
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बनाए कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड
सचिन तेंदुलकर को अपने दौर का सबसे संपूर्ण बल्लेबाज और क्रिकेट इतिहास का सबसे सफल रन बनाने वाला खिलाड़ी माना जाता है। उनके नाम टेस्ट और एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, दोनों प्रारूपों में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड है। खास बात यह है कि उन्होंने अपना पहला एकदिवसीय शतक 79वें मुकाबले में बनाया था।
सचिन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 34,357 रन बनाए, जो क्रिकेट इतिहास में किसी भी बल्लेबाज से अधिक हैं। उन्होंने 200 टेस्ट मुकाबले खेले, जो इस प्रारूप में किसी भी खिलाड़ी के सर्वाधिक हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 15,921 रन, 51 शतक और 2,058 चौके दर्ज हैं। वह 300 पारियों में 15 हजार टेस्ट रन पूरे करने वाले सबसे तेज बल्लेबाज भी हैं।
एकदिवसीय क्रिकेट में सचिन ने 463 मुकाबलों में 44.83 की औसत से 18,426 रन बनाए। इस प्रारूप में उनके नाम 49 शतक और 96 अर्धशतक हैं। उन्होंने मध्यक्रम के बल्लेबाज के रूप में शुरुआत की और बाद में दुनिया के महानतम एकदिवसीय बल्लेबाजों तथा सलामी बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाई।
सचिन 2011 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। इसके अलावा उन्होंने 2002 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम में भी योगदान दिया। विश्व कप के 45 मुकाबलों में उन्होंने 56.95 की औसत से 2,278 रन बनाए, जिसमें छह शतक और 15 अर्धशतक शामिल हैं। विश्व कप में उनका सर्वोच्च स्कोर 152 रन रहा। वह आज भी इस टूर्नामेंट के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

