भारतीय महिला क्रिकेटर सब्बिनेनी मेघना ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय महिला क्रिकेटर सब्बिनेनी मेघना ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया


नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज सब्बिनेनी मेघना ने शुक्रवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की। आंध्र प्रदेश में जन्मीं मेघना घरेलू क्रिकेट में रेलवे का प्रतिनिधित्व करती थीं। उन्होंने वर्ष 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने भारत की ओर से तीन एकदिवसीय और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले।

मेघना 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का भी हिस्सा थीं। हालांकि, इसके बाद वह भारतीय टी20 टीम में अपनी जगह पक्की नहीं कर सकीं और बाद के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के आयोजनों में भी उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला।

मेघना ने सोशल मीडिया पर लिखा, “पहली बार हाथ में बल्ला लेकर मैदान पर उतरना और विश्व मंच पर देश की जर्सी पहनना मेरे लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं था। एक खिलाड़ी के रूप में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा करते हुए मेरा हृदय कृतज्ञता से भरा हुआ है। मैदान मेरा दूसरा घर रहा है। इसने मुझे धैर्य और विनम्रता सिखाई तथा ऐसी यादें और दोस्तियां दीं, जिन्हें मैं जीवनभर अपने साथ रखूंगी। मेरे परिवार का धन्यवाद, जो हर अच्छे-बुरे दौर में मेरे साथ खड़ा रहा और जिसने मेरे लिए अनगिनत त्याग किए। मेरे प्रशिक्षकों, साथी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का भी आभार, जिन्होंने मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित किया और जिनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर मिला। प्रशंसकों का भी धन्यवाद, जिनकी तालियों और उत्साह ने हर कदम पर मुझे ऊर्जा दी।

उन्होंने आगे लिखा, मैं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड, आंध्र क्रिकेट संघ, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात जायंट्स और रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करना चाहती हूं। मेरे पूरे करियर के दौरान उनके निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और समर्थन के लिए धन्यवाद। मुझे सर्वोच्च स्तर पर अपने जुनून को आगे बढ़ाने के लिए मंच और अवसर देने के लिए मैं उनकी आभारी हूं। भले ही एक खिलाड़ी के रूप में मेरा सफर समाप्त हो रहा है, लेकिन क्रिकेट के साथ मेरा रिश्ता कभी नहीं टूटेगा। मैं हमेशा इस खेल से गहराई से जुड़ी रहूंगी। मेरा इरादा अपना जीवन खेल को कुछ लौटाने, अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने और उस खेल की सेवा करने के लिए समर्पित करने का है, जिसने मुझे सब कुछ दिया। धन्यवाद, क्रिकेट। तुम हमेशा मेरे दिल, मेरे जुनून और जीवनभर के उद्देश्य बने रहोगे।”

महिला प्रीमियर लीग के पहले सत्र में मेघना को गुजरात जायंट्स ने अपनी टीम में शामिल किया था। वर्ष 2024 में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से जुड़ीं और उसी वर्ष खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा बनीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765361 Articles

Share this story