ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम में ब्रीट्जके को मौका, स्टब्स बाहर

WhatsApp Channel Join Now
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम में ब्रीट्जके को मौका, स्टब्स बाहर


गक़ेबरहा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए दक्षिण अफ्रीका ने अपनी 17 सदस्यीय टीम में एक बदलाव किया है। ट्रिस्टन स्टब्स की जगह मैथ्यू ब्रीट्जके को टीम में शामिल किया गया है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी रयान रिकेल्टन संभालेंगे। दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट रविवार से गक़ेबरहा में खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीका को डरबन में खेले गए पहले टेस्ट में 214 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

ब्रीट्जके ने अब तक केवल दो टेस्ट मैच खेले हैं। हालांकि, एकदिवसीय क्रिकेट में उनके शानदार मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें टीम में जगह मिली है। मुख्य कोच शुक्री कॉनराड ने कहा कि ब्रीट्जके पहले भी टीम के साथ रह चुके हैं और एकदिवसीय क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें इस बार टीम में जगह दिलाने में मदद की।

कॉनराड ने कहा, “मैट पहले भी टीम का हिस्सा रह चुके हैं। एकदिवसीय क्रिकेट में उनका प्रदर्शन इस समय बेहद शानदार है, जिससे उन्हें टीम में जगह पाने का अतिरिक्त लाभ मिला। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि मैट अपने साथ जिस रवैये और व्यक्तित्व को लेकर आते हैं, वह टीम के लिए अहम है।”

रिकेल्टन संभालेंगे विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी

दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच ने अगले टेस्ट के लिए रिकेल्टन को विकेटकीपर बनाए जाने की पुष्टि की है। इससे काइल वेरेन के अंतिम एकादश में शामिल होने पर सवाल खड़े हो सकते हैं। रिकेल्टन के विकेटकीपिंग संभालने के बाद बल्लेबाजी क्रम में भी बदलाव संभव है।

कॉनराड ने कहा, “रिक्स के विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालने के बाद कुछ फैसले लेने होंगे। यह देखना होगा कि उन्हें बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेजा जाए या वह पारी की शुरुआत करना जारी रख सकते हैं। वह पहले भी पारी की शुरुआत कर चुके हैं।”

दूसरे टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम

टेम्बा बावुमा (कप्तान), मार्कस एकरमैन, डेविड बेडिंघम, मैथ्यू ब्रीट्जके, कॉर्बिन बॉश, गेराल्ड कोएत्जी, साइमन हार्मर, मार्को यानसन, केशव महाराज, एडेन मार्करम, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, एनरिक नॉर्खिया, डेन पैटरसन, कगिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन और काइल वेरेन।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761236 Articles

Share this story