रोहित शर्मा की टीवी पर नई पारी, ‘फैमिली फुल हाउस’ से करेंगे मनोरंजन जगत में डेब्यू

WhatsApp Channel Join Now
रोहित शर्मा की टीवी पर नई पारी, ‘फैमिली फुल हाउस’ से करेंगे मनोरंजन जगत में डेब्यू


मुंबई, 31 अगस्त (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और 2024 टी20 विश्व कप विजेता कप्तान रोहित शर्मा अब क्रिकेट के मैदान के बाद टेलीविजन की दुनिया में भी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने अपने आगामी शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ के नाम की घोषणा की है। यह शो 19 सितंबर 2026 से प्रसारित होगा।

रोहित शर्मा इस शो के मुख्य आकर्षण होंगे और इसके जरिए उनका बहुप्रतीक्षित टेलीविजन डेब्यू होगा। पारिवारिक मनोरंजन पर आधारित इस कार्यक्रम को दर्शकों के लिए एक नए और मनोरंजक अंदाज में पेश किया जाएगा।

रोहित ने टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अब वह केवल एकदिवसीय क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

39 वर्षीय रोहित के भविष्य और 2027 एकदिवसीय विश्व कप में उनके खेलने को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से आलोचकों को जवाब दिया है।

हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में रोहित ने शानदार बल्लेबाजी की। भारत यह श्रृंखला 1-2 से हार गया, लेकिन रोहित ने तीन मैचों में 58.33 की औसत से 175 रन बनाए। उनके बल्ले से एक शतक भी निकला।

श्रृंखला के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में लॉर्ड्स के मैदान पर रोहित ने 110 गेंदों पर 138 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 17 चौके और पांच छक्के लगाए।

इस मुकाबले में उन्होंने अपने लंबे समय के बल्लेबाजी साथी विराट कोहली के साथ शतकीय साझेदारी भी की। कोहली ने 60 गेंदों पर 74 रन बनाए। हालांकि, भारत यह मुकाबला 27 रन से हार गया।

इससे पहले तीसरे एकदिवसीय मैच को लेकर यह अटकलें भी लगाई जा रही थीं कि लॉर्ड्स में होने वाला मुकाबला रोहित का भारत के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकता है। हालांकि, उनकी शानदार 138 रन की पारी ने एक बार फिर साबित किया कि वह अभी भी बड़े मुकाबलों में प्रभाव छोड़ने की क्षमता रखते हैं।

रोहित शर्मा अब तक 288 एकदिवसीय मैचों की 280 पारियों में 48.95 की औसत और 93.04 के स्ट्राइक रेट से 11,895 रन बना चुके हैं। उनके नाम 34 शतक और 62 अर्धशतक हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 264 रन है। वह एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में सातवें स्थान पर हैं और भारत की ओर से विराट कोहली तथा सचिन तेंदुलकर के बाद तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

वर्ष 2026 में भी रोहित का बल्ला प्रभावी रहा है।

उन्होंने नौ एकदिवसीय मैचों की नौ पारियों में 42.11 की औसत से 379 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है।

अब क्रिकेट के मैदान पर अपनी पहचान बनाने के बाद रोहित शर्मा ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ के जरिए दर्शकों के सामने एक नए अंदाज में नजर आएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story