रणजी ट्रॉफी का 92वां सत्र रविवार से, राहुल-जायसवाल-जडेजा समेत कई सितारे उतरेंगे मैदान पर
नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय घरेलू क्रिकेट की सबसे प्रतिष्ठित लाल गेंद प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी का 92वां सत्र रविवार से शुरू होगा। नए सत्र के शुरुआती दौर में भारतीय टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी अपनी-अपनी राज्य टीमों की ओर से खेलते नजर आएंगे। इसके बाद वे न्यूजीलैंड के आगामी दौरे पर तीन मैचों की लाल गेंद श्रृंखला की तैयारी के लिए भारत ए टीम से जुड़ेंगे। अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के मेल से इस बार प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों के रोमांचक रहने की उम्मीद है।
पिछले सत्र में जम्मू-कश्मीर ने हुबली में अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीतकर इतिहास रचा था। तेज गेंदबाज आकिब नबी ने 60 विकेट लेकर टीम की खिताबी सफलता में अहम भूमिका निभाई थी। उनके शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें पिछले महीने गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का मौका मिला।
अब जम्मू-कश्मीर के सामने अपने खिताब का बचाव करने की चुनौती होगी। पारस डोगरा की कप्तानी वाली टीम ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ हार के बाद श्रीनगर में मध्य प्रदेश से भिड़ेगी। ऐसे में टीम की वापसी पर भी नजरें रहेंगी।
राहुल, जायसवाल और जडेजा समेत कई दिग्गज खेलेंगे
सत्र के पहले दौर में केएल राहुल (कर्नाटक), यशस्वी जायसवाल (मुंबई), रवींद्र जडेजा (सौराष्ट्र), मोहम्मद सिराज (हैदराबाद), मानव सुथार (राजस्थान0, वॉशिंगटन सुंदर (तमिलनाडु) और मुकेश कुमार और आकाश दीप बंगाल की ओर से खेल सकते हैं।
मुंबई के सरफराज खान और कर्नाटक के करुण नायर के लिए यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय टीम में वापसी का दावा मजबूत करने का अहम अवसर होगी। वहीं, मुंबई के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे और झारखंड के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन लाल गेंद के क्रिकेट में अपनी पहचान मजबूत करने उतरेंगे।
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी मैदान पर वापसी करेंगे। उन्होंने पिछले सत्र में 37 विकेट हासिल किए थे। शमी, मुकेश कुमार और आकाश दीप बंगाल की टीम का हिस्सा होंगे, जो कल्याणी में दिल्ली के खिलाफ खेलेगी। शमी टेस्ट टीम में वापसी के लिए अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे। इस बीच, उनके पुराने नई गेंद के साथी भुवनेश्वर कुमार को न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापस बुलाया गया है।
दिल्ली की नई टीम प्रबंधन व्यवस्था पर नजरें
दिल्ली की टीम भी नए सत्र में बदले हुए सहयोगी स्टाफ के साथ उतरेगी। भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज विजय दहिया को मुख्य कोच और विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा को टीम का मार्गदर्शक नियुक्त किया गया है। दिल्ली की टीम कल्याणी में बंगाल के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
चयन समिति की नजरें विदर्भ के हर्ष दुबे, प्रफुल्ल हिंगे और यश राठौड़ के साथ उत्तर प्रदेश के लेग स्पिनर जीशान अंसारी पर भी रहेंगी। अनुभवी खिलाड़ी उमेश यादव पंजाब, हर्षल पटेल गुजरात तथा मंदीप सिंह और हनुमा विहारी त्रिपुरा की ओर से खेलते हुए युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने की भूमिका निभाएंगे।
शुरुआती दौर में जहां अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले खिलाड़ियों का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहेगा, वहीं आने वाले सप्ताह घरेलू क्रिकेट की नई प्रतिभाओं के लिए अपनी क्षमता साबित करने का अवसर होंगे।
अरुणाचल प्रदेश की भागीदारी पर अनिश्चितता
अरुणाचल क्रिकेट संघ के दो गुटों के बीच जारी कानूनी विवाद के कारण राज्य की टीम के नागालैंड के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर नहीं उतर पाने की आशंका है। ऐसे में यह देखना होगा कि कानूनी गतिरोध कब समाप्त होता है, ताकि राज्य के क्रिकेटरों को पूरे सत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
रणजी ट्रॉफी 2026-27 के ग्रुप
ग्रुप ए में बिहार, बड़ौदा, गोवा, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश और विदर्भ शामिल हैं।
ग्रुप बी में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, सौराष्ट्र, छत्तीसगढ़, हैदराबाद, त्रिपुरा, पंजाब और असम हैं।
ग्रुप सी में बंगाल, दिल्ली, गुजरात, झारखंड, केरल, महाराष्ट्र, सर्विसेज और ओडिशा को रखा गया है।
ग्रुप डी में मुंबई, राजस्थान, हरियाणा, तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और रेलवे शामिल हैं।
प्लेट ग्रुप में मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, सिक्किम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश की टीमें खेलेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

