राहुल ने महीनों की तैयारियों को दिया न्यूजीलैंड में पहले टेस्ट शतक का श्रेय

WhatsApp Channel Join Now
राहुल ने महीनों की तैयारियों को दिया न्यूजीलैंड में पहले टेस्ट शतक का श्रेय


राहुल ने महीनों की तैयारियों को दिया न्यूजीलैंड में पहले टेस्ट शतक का श्रेय


कहा, यहां परिस्थितियां मुश्किल होती हैं इसलिए मैं यहां टेस्ट मैच खेलना चाहता था

वेलिंगटन, 21 नवंबर (हि.स.)। भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड में अपने पहले टेस्ट शतक के पीछे छह-सात महीने की तैयारी और मेहनत को अहम कारण बताया है। उन्होंने वेलिंगटन टेस्ट के तीसरे दिन 136 रन की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही वह चारों सेना देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट शतक लगाने वाले दूसरे एशियाई सलामी बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले यह उपलब्धि पाकिस्तान के सईद अनवर ने हासिल की थी।

राहुल ने दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा कि वह पिछले छह-सात महीनों से न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलने के बारे में सोच रहे थे और इसके लिए लगातार तैयारी कर रहे थे। उन्होंने कहा, “जाहिर है, जब आप इतने लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं तो करियर खत्म होने पर आप कम-से-कम यह चाहते हैं कि आपको अलग-अलग देशों में खुद को चुनौती देने और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आक्रमणों के खिलाफ खेलने का अवसर मिले।“

उन्होंने कहा, “न्यूजीलैंड ऐसा देश रहा है, जहां कई बल्लेबाजों को रन बनाने में संघर्ष करना पड़ा है और यहां परिस्थितियां मुश्किल होती हैं। इसलिए मैं यहां टेस्ट मैच खेलना चाहता था। मैं यहां और भी ज्यादा मैच खेलना चाहता था लेकिन दुर्भाग्य से इससे पहले मुझे यहां खेलने का मौका नहीं मिला। जब मुझे यह अवसर मिला तो मैं इसका पूरा फायदा उठाना चाहता था। इसी वजह से मैंने यहां जल्दी आने का फैसला किया, ताकि परिस्थितियों के अनुकूल खुद को ढाल सकूं। क्योंकि इससे पहले मुझे न्यूजीलैंड आने और लाल गेंद से क्रिकेट खेलने का कोई अनुभव नहीं था। मैं पिछले छह-सात महीनों से न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट के बारे में सोच रहा था। मैं अपनी तैयारी कर रहा था और यह देखने की कोशिश कर रहा था कि यहां किन खिलाड़ियों ने रन बनाए हैं और वे ऐसा करने में कैसे सफल रहे। इसलिए मैंने काफी तैयारी की और काफी मेहनत की। जब आप तैयारी से जुड़ी इन सभी चीजों को पूरा कर लेते हैं, तो मैदान पर खेलना थोड़ा आसान हो जाता है।”

राहुल की इस तैयारी का एक हिस्सा उन बल्लेबाजों के वीडियो देखना भी था, जिन्होंने न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में सफलता हासिल की थी।

उन्होंने कहा, “मैंने यहां पिछले कुछ वर्षों में हुए टेस्ट मैचों के वीडियो देखे। इंग्लैंड ने यहां खेला, ऑस्ट्रेलिया ने यहां खेला और हाल ही में वेस्टइंडीज की टीम भी यहां आई थी। मैंने विश्लेषकों से उन खिलाड़ियों के वीडियो भेजने को कहा, जिन्होंने यहां रन बनाए थे। इनमें जो रूट भी थे और हैरी ब्रूक ने भी काफी रन बनाए थे, खासकर शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने। मुझे नहीं लगता कि मैं हैरी ब्रूक की तरह बल्लेबाजी कर सकता हूं लेकिन यह देखना दिलचस्प था कि रन बनाने के अलग-अलग तरीके होते हैं और अलग-अलग तरह के खिलाड़ी यहां सफल हुए हैं। इससे मुझे थोड़ा आत्मविश्वास मिला कि न्यूजीलैंड में रन बनाना असंभव नहीं है। इसके लिए खेल की योजना बिल्कुल स्पष्ट होनी चाहिए। इसलिए मैंने अपने कोच से बात की और यह समझने की कोशिश की कि मेरे लिए सबसे अच्छी योजना क्या हो सकती है। हमने इस पर चार-पांच महीने तक काम किया।”

राहुल ने यह भी बताया कि टेस्ट क्रिकेट में दोबारा सलामी बल्लेबाज की भूमिका मिलने से उन्हें अपनी लय हासिल करने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि दूसरे सलामी बल्लेबाजों को देखकर भी उन्हें अपनी बल्लेबाजी में सुधार करने का मौका मिला।

राहुल ने कहा, “इससे काफी मदद मिली। 15-18 महीने ऐसे रहे, जब मैंने सलामी बल्लेबाज के तौर पर नहीं खेला। मैं मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर रहा था और उस दौरान मुझे गेंद को बल्ले पर महसूस करने की आदत हो गई थी। जब मैं दोबारा पारी की शुरुआत करने आया तो मैंने नेट अभ्यास में इस पर विशेष रूप से काम करने की कोशिश की। अभ्यास सत्र के दौरान कभी-कभी मैंने गेंद को बल्ले पर खेलने के बजाय उसे छोड़ने पर भी ध्यान दिया। वर्षों से मैंने दूसरे सलामी बल्लेबाजों को देखा है और यह समझने की कोशिश की है कि वे कैसे सफल हुए। एलिस्टेयर कुक जैसे खिलाड़ी को मैंने देखा है। मैं स्लिप में खड़े होकर उनकी बल्लेबाजी देखता था। वह काफी गेंदें छोड़ते थे और गेंदबाजों को उनके पास गेंदबाजी करने के लिए मजबूर करते थे। यह क्रिकेट की बुनियादी बातें हैं लेकिन कभी-कभी यही सबसे मुश्किल होती हैं। जैसे-जैसे मेरी उम्र बढ़ी है, मैंने दोबारा इन चीजों पर काम किया है और इससे मुझे सलामी बल्लेबाज के तौर पर काफी मदद मिली है।”

राहुल ने दूसरे दिन एक ऐसे मौके का भी जिक्र किया, जब वह आउट होने से बाल-बाल बचे थे। मैट हेनरी की गेंद पर न्यूजीलैंड ने उनके खिलाफ पगबाधा की अपील पर रिव्यू नहीं लिया था, जबकि बाद में गेंद की दिशा के विश्लेषण से पता चला कि गेंद स्टंप पर लगती। जब राहुल से पूछा गया कि क्या उन्हें न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को गले लगाकर धन्यवाद देना चाहिए तो उन्होंने किसी और खिलाड़ी का नाम लिया।

राहुल ने मुस्कुराते हुए कहा, “नहीं, इसके लिए शायद ग्लेन फिलिप्स को धन्यवाद देना चाहिए और मैच के बाद उन्हें कुछ ड्रिंक्स पिलानी चाहिए। साथ ही टॉम लैथम को भी क्योंकि फैसला उन्हें ही लेना था। जब यह घटना हुई तो मुझे सच में लगा था कि शायद गेंद ऑफ स्टंप की लाइन के बाहर मेरे पैड पर लगी है। मेरा यही मानना था। लेकिन कुछ क्षेत्ररक्षकों को लगा कि गेंद मेरे बल्ले से लगी है। वे 15 सेकंड शायद मेरी जिंदगी के सबसे लंबे 15 सेकंड थे। मैं लगातार उम्मीद कर रहा था कि लोग ग्लेन फिलिप्स की बात सुनें क्योंकि वह बार-बार कह रहे थे कि गेंद मेरे बल्ले से लगी है। इसलिए इसके लिए धन्यवाद, ग्लेन फिलिप्स।”

पिछले दो वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में उनका औसत बेहतर होने के पीछे क्या बदलाव रहा है, इस सवाल पर राहुल ने पहले संक्षिप्त जवाब दिया। उन्होंने कहा, “रन। मैंने ज्यादा रन बनाए।” इसके बाद उन्होंने विस्तार से अपनी बात रखी।

राहुल ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं लगता कि बहुत कुछ बदला है। जब से मैंने टेस्ट कैप हासिल की है, तब से मैं हमेशा इसी तरह तैयारी करता आया हूं। मैंने उतनी ही मेहनत की है, जितनी इस समय कर रहा हूं। बस रन नहीं बन रहे थे। हां, कुछ तकनीकी समस्याएं भी थीं और शायद मेरी खेल योजना बेहतर हो सकती थी। मुझे नहीं लगता कि तकनीक समस्या थी बल्कि मैं खेल के बारे में कैसे सोचता था, उसमें समय के साथ बदलाव आया है। जितना ज्यादा आप खेलते हैं, उतना ही अपनी गलतियों को पहचानते हैं और समझते हैं कि आप बेहतर कैसे हो सकते हैं। अनुभव के साथ मैं अपनी कमियों को दूर करने में सफल रहा हूं और इसके लिए खुद को भाग्यशाली मानता हूं। लेकिन अभी मुझे बहुत कुछ करना बाकी है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780801 Articles

Share this story