शेर-ए-पंजाब टी20 लीग : गिल फाजिल्का फाल्कन्स, अभिषेक अमृतसर सूरमाज़ के मार्की खिलाड़ी बने

WhatsApp Channel Join Now
शेर-ए-पंजाब टी20 लीग : गिल फाजिल्का फाल्कन्स, अभिषेक अमृतसर सूरमाज़ के मार्की खिलाड़ी बने


चंडीगढ़, 09 अगस्त (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल आगामी शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में फाजिल्का फाल्कन्स की ओर से खेलेंगे। वहीं विस्फोटक ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा को अमृतसर सूरमाज़, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को लुधियाना लायंस और विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को जालंधर वॉरियर्स का मार्की खिलाड़ी बनाया गया है।

रमनदीप सिंह मोहाली किंग्स के मार्की खिलाड़ी होंगे, जबकि युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार बठिंडा रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करेंगे। पंजाब क्रिकेट से जुड़े इन प्रमुख खिलाड़ियों की मौजूदगी से शेर-ए-पंजाब टी20 लीग की लोकप्रियता और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

लीग पंजाब के उभरते क्रिकेटरों को स्थापित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच उपलब्ध कराएगी। इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर के क्रिकेटरों से सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “पंजाब हमेशा से असाधारण क्रिकेट प्रतिभाओं की भूमि रहा है और शेर-ए-पंजाब टी20 लीग उस प्रतिभा को सामने लाने का महत्वपूर्ण मंच है। शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी राज्य के अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों को प्रेरित करेगी। हम चाहते हैं कि पंजाब लगातार ऐसे खिलाड़ी तैयार करता रहे जो सर्वोच्च स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकें।”

पीसीए सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कहा, “शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के नए सत्र के लिए मार्की खिलाड़ियों की घोषणा एक उत्साहजनक शुरुआत है। इन खिलाड़ियों ने सर्वोच्च स्तर पर अपनी पहचान बनाई है और उनकी भागीदारी पंजाब के युवा क्रिकेटरों को सीखने, प्रतिस्पर्धा करने और आगे बढ़ने का अवसर देगी। स्थापित भारतीय सितारों और उभरती प्रतिभाओं का यह संयोजन पंजाब के क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने और राज्य के अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों के लिए नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।”

मार्की खिलाड़ियों की टीमें

शुभमन गिल — फाजिल्का फाल्कन्स

अभिषेक शर्मा — अमृतसर सूरमाज़

अर्शदीप सिंह — लुधियाना लायंस

प्रभसिमरन सिंह — जालंधर वॉरियर्स

रमनदीप सिंह — मोहाली किंग्स

गुरनूर बरार — बठिंडा रॉयल्स

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story