न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए प्रसिद्ध कृष्णा, भारत ए टीम से जुड़ेंगे
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा हैमस्ट्रिंग की चोट से समय पर उबरने में नाकाम रहने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर हो गए हैं। अब वह न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए भारत ए टीम से जुड़ेंगे। हालांकि, इसके लिए उन्हें फिटनेस जांच और मैदान पर वापसी से जुड़ा आकलन (आरटीपी) पास करना होगा। इसके बाद ही उनके खेलने पर फैसला होगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बयान में कहा कि प्रसिद्ध को मैच खेलने के लिए जरूरी गेंदबाजी कार्यभार हासिल करने में अभी अतिरिक्त समय लगेगा। वनडे टीम में उनकी जगह किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल नहीं किया गया है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पहले ही आराम दिया जा चुका है।
इस बीच, ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी अब पूरी वनडे श्रृंखला के बजाय केवल पहले मुकाबले में खेलेंगे। इसके बाद वह छह नवंबर से शुरू होने वाले न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए भारत ए टीम से जुड़ेंगे। यह फैसला 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने वाली पहली टेस्ट श्रृंखला से पहले नीतीश को लाल गेंद से खेलने का पर्याप्त अभ्यास देने के लिए किया गया है।
पहले तीन वनडे के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और नीतीश कुमार रेड्डी।
चौथे और पांचवें वनडे के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (उपकप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव।
दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए भारत ए टीम में सिराज शामिल
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड ए के खिलाफ 31 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में शुरू होने वाले दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए भारत ए टीम में शामिल किया गया है। ध्रुव जुरेल की कप्तानी वाली टीम में सिराज के अलावा कई नियमित टेस्ट खिलाड़ी भी मौजूद हैं।
भारत ए की टीम पहले अनौपचारिक टेस्ट में जीत के बेहद करीब पहुंची थी, लेकिन कम रोशनी के कारण न्यूजीलैंड ए की टीम मुकाबला ड्रॉ कराने में सफल रही थी। उस मैच में खेलने वाले केएल राहुल अब क्राइस्टचर्च में होने वाले दूसरे मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे। वह वनडे श्रृंखला की तैयारी करेंगे।
दूसरे चार दिवसीय मुकाबले के लिए भारत ए टीम
ध्रुव जुरेल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, यश राठौड़, आर. स्मरण, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, शिखर मोहन, मुकेश चौधरी, मुकेश कुमार, मानव सुथार और कुमार कुशाग्र।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

