सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : रजत पाटीदार के तूफानी शतक की बदौलत मध्य प्रदेश की 131 रन से जीत

WhatsApp Channel Join Now
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : रजत पाटीदार के तूफानी शतक की बदौलत मध्य प्रदेश की 131 रन से जीत


सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : रजत पाटीदार के तूफानी शतक की बदौलत मध्य प्रदेश की 131 रन से जीत


- उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश ने भी अपने-अपने मुकाबले जीते

नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। रजत पाटीदार की 48 गेंदों में नाबाद 135 रन की तूफानी पारी की बदौलत मध्य प्रदेश ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एलीट ग्रुप मुकाबले में सोमवार को असम को 131 रन से करारी शिकस्त दी। दिन के अन्य मुकाबलों में जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश ने भी जीत दर्ज की।

न्यू चंडीगढ़ के पीसीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मध्य प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 250 रन बनाए। पाटीदार ने अपनी विस्फोटक पारी में विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्हें शिवांग कुमार का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 38 गेंदों में 61 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार साझेदारी कर मध्य प्रदेश को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। अंकुश सिंह ने 13 गेंदों में 23 और अक्षत रघुवंशी ने 11 गेंदों में 19 रन का योगदान दिया। असम की ओर से आकाश सेनगुप्ता ने तीन और मृण्मय दत्ता ने दो विकेट लिए।

जवाब में असम की टीम 17.4 ओवर में 119 रन पर सिमट गई। सिबशंकर रॉय ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, जबकि साहिल जैन ने 20 और प्रद्युम्न सैकिया ने 18 रन का योगदान दिया। मध्य प्रदेश की ओर से कुमार कार्तिकेय ने 17 रन देकर तीन विकेट लिए। आवेश खान और राहुल बाथम ने दो-दो विकेट हासिल किए।

जम्मू-कश्मीर ने तमिलनाडु को छह रन से हराया

इंदौर के होलकर स्टेडियम में जम्मू-कश्मीर ने रोमांचक मुकाबले में तमिलनाडु को छह रन से शिकस्त दी। जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 201 रन बनाए। कमरान इकबाल ने 37 गेंदों में 70 और शुभम खजूरिया ने 34 गेंदों में 53 रन की पारी खेली। अब्दुल समद ने 14 गेंदों में 29 रन बनाकर टीम को तेज गति प्रदान की।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की टीम ने जोरदार संघर्ष किया। अमित सात्विक ने 31 गेंदों में 67 रन बनाए। नारायण जगदीशन ने 35 और आर. राजकुमार ने महज 10 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया। हालांकि, जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने अहम मौकों पर विकेट लेकर तमिलनाडु को नौ विकेट पर 195 रन तक ही रोक दिया। लोन नासिर मुजफ्फर ने तीन विकेट लिए, जबकि सुनील कुमार और बृजेश शर्मा को दो-दो सफलताएं मिलीं। कमरान इकबाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

उत्तराखंड ने गोवा को पांच विकेट से दी मात

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में उत्तराखंड ने गोवा को पांच विकेट से हराया। गोवा की टीम 19.4 ओवर में 168 रन पर ऑलआउट हो गई। अभिनव तेजराना ने 36 गेंदों में 76 रन की आक्रामक पारी खेली। उत्तराखंड की ओर से दर्शन मिसाल, मयंक मिश्रा, अवनीश सुधा और जनमेजय जोशी ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तराखंड ने 18.1 ओवर में पांच विकेट पर 174 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। तेजस्वी जायसवाल ने 20 गेंदों में 46 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। आरव महाजन ने 38 गेंदों में नाबाद 60 रन की पारी खेली, जबकि कुणाल चंदेला 12 रन बनाकर नाबाद रहे। महाजन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक को 16 रन से हराया

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक को 16 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश ने पांच विकेट पर 204 रन बनाए। दिव्यांश जोशी ने 34 गेंदों में 65 रन की पारी खेली, जबकि समीर रिजवी ने 23 गेंदों में नाबाद 46 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। आर्यन जुयाल ने 31 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्नाटक की शुरुआत खराब रही और टीम 18 रन पर तीन विकेट गंवा बैठी। हालांकि, स्मरण रविचंद्रन ने 39 गेंदों में 68 रन बनाकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की। लवनीत सिसोदिया और मनवंत कुमार ने 42-42 रन बनाए। प्रवीण दुबे ने आठ गेंदों में 21 रन की तेज पारी खेली, लेकिन उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों ने कर्नाटक को नौ विकेट पर 188 रन तक ही सीमित रखा।

उत्तर प्रदेश की ओर से मोहसिन खान ने तीन विकेट लिए, जबकि यश दयाल और भुवनेश्वर कुमार को दो-दो सफलताएं मिलीं। दिव्यांश जोशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story