आईपीएल : ऋषभ पंत की दिल्ली में वापसी, कुलदीप यादव बने लखनऊ का हिस्सा
नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2027 सत्र से पहले बड़ा बदलाव देखने को मिला है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स में लौट आए हैं, जबकि बाएं हाथ के कलाई स्पिनर कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की ओर से खेलेंगे।
आईपीएल की ओर से मंगलवार को एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि इस अदला-बदली के तहत पंत को 15 करोड़ रुपये के अनुबंध पर दिल्ली ने अपने साथ जोड़ा है, जबकि कुलदीप यादव 13.5 करोड़ रुपये के अनुबंध के साथ लखनऊ टीम का हिस्सा बने हैं। ऋषभ पंत आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्हें 2025 की मेगा नीलामी में लखनऊ ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब वह कम राशि पर अपनी पुरानी टीम दिल्ली में वापसी कर रहे हैं।
यह लगातार दूसरा बड़ा मामला है, जब किसी स्टार खिलाड़ी ने टीम बदलने के साथ कम राशि वाले अनुबंध को स्वीकार किया है। इससे पहले 2026 सत्र से पहले हुए बड़े बदलाव में ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और संजू सैमसन की अदला-बदली चर्चा में रही थी।
दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स को कुलदीप यादव के रूप में एक अनुभवी स्पिन गेंदबाज मिला है। उत्तर प्रदेश के रहने वाले कुलदीप अब अपने गृह राज्य की आईपीएल टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। दिल्ली के लिए खेलते हुए उन्होंने 2022 से अब तक 65 मैचों में 72 विकेट लिए और अपनी नियंत्रित गेंदबाजी से टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
यह बदलाव आगामी आईपीएल सत्र से पहले दोनों टीमों की रणनीति और संतुलन को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

