धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तान पर जुर्माना, खिलाड़ियों की मैच फीस में कटौती

WhatsApp Channel Join Now
धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तान पर जुर्माना, खिलाड़ियों की मैच फीस में कटौती


दुबई, 02 नवंबर (हि.स.)। श्रीलंका के खिलाफ शनिवार (31 अक्टूबर) को लाहौर में खेली गई एकदिवसीय त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल में धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तान की टीम पर जुर्माना लगाया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों की मैच फीस में पांच प्रतिशत की कटौती की है।

आईसीसी ने सोमवार को बताया कि समय में मिली छूट को ध्यान में रखने के बाद पाकिस्तान की टीम निर्धारित समय में एक ओवर पीछे पाई गई। आईसीसी की आचार संहिता के अनुसार निर्धारित समय में प्रत्येक ओवर कम रहने पर खिलाड़ियों की मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।

पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने धीमी ओवर गति के अपराध को स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित सजा को भी मान लिया। इसके चलते औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।

हालांकि, पाकिस्तान ने इस मुकाबले में 326 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए जीत दर्ज की और त्रिकोणीय श्रृंखला का खिताब अपने नाम किया। एकदिवसीय टूर्नामेंट के फाइनल में 326 रन का लक्ष्य हासिल करना संयुक्त रूप से सबसे बड़ी सफल रन चेज है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story