आईसीसी वनडे रैंकिंग: विराट कोहली दूसरे स्थान पर पहुंचे, शुभमन शीर्ष पर बरकरार
नई दिल्ली, 30 सितंबर (हि.स.)। भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आईसीसी पुरुष वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज कप्तान शुभमन गिल के बेहद करीब पहुंच गए हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में खेले गए पहले वनडे में दोनों भारतीय बल्लेबाजों ने शतक लगाए लेकिन कोहली की नाबाद 139 रनों की पारी ने उन्हें रैंकिंग में दूसरा स्थान दिला दिया।
कोहली ने महज 88 गेंदों में नाबाद 139 रन बनाए और भारत ने 296 रन के लक्ष्य को 50 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। यह कोहली का रिकॉर्ड 55वां वनडे शतक था। इस पारी के साथ उन्होंने वनडे क्रिकेट में 15,000 रन भी पूरे किए।
कोहली को इस शानदार प्रदर्शन का फायदा रैंकिंग में मिला। वह डेरिल मिशेल को पीछे छोड़ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 767 से बढ़कर 796 हो गई है और अब वह शीर्ष पर मौजूद गिल से सिर्फ 20 रेटिंग अंक पीछे हैं। गिल ने 110 रन की पारी के बाद अपनी रेटिंग 801 से बढ़ाकर 816 कर ली है। कोहली की मौजूदा रेटिंग जुलाई 2022 के बाद उनकी सर्वश्रेष्ठ है।
कोहली इस साल जनवरी में तीन दिनों के लिए रैंकिंग में तीसरे स्थान पर रहे थे। वह वनडे रैंकिंग में कुल 1,547 दिन नंबर एक रह चुके हैं।
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज टॉम बेंटन को श्रीलंका के खिलाफ तीसरे वनडे में 126 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वह 333 स्थान की लंबी छलांग लगाकर 83वें स्थान पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के कुसल मेंडिस 198 रन के साथ करियर के सर्वश्रेष्ठ सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि बेन डकेट चार स्थान ऊपर चढ़कर 15वें स्थान पर हैं।
दक्षिण अफ्रीका के मैथ्यू ब्रीट्ज़के 136 रन बनाने के बाद 19 स्थान की छलांग लगाकर 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं। डेविड मिलर 151 रन बनाने के बाद 41वें स्थान पर रैंकिंग में लौटे हैं। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा 10 स्थान ऊपर चढ़कर 32वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
गेंदबाजी रैंकिंग में कुलदीप पांचवें स्थान पर
आईसीसी पुरुष वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज तीन स्थान की छलांग लगाकर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों में छह विकेट लेने का उन्हें फायदा मिला।
भारत के कुलदीप यादव भी चार स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने 40 रन देकर चार विकेट लिए थे।
ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड भी शीर्ष 10 में लौट आए हैं। उनके अलावा नाथन एलिस 15वें, वेस्टइंडीज के जेडन सील्स 22वें, श्रीलंका के दुनिथ वेलालागे 26वें और भारत के एम. प्रसिद्ध कृष्णा 42वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

