जेके बोस इंटर-जोनल टी-20 क्रिकेट ट्रॉफी में नॉर्थ जोन क्रिकेट खिताब के करीब

WhatsApp Channel Join Now
जेके बोस इंटर-जोनल टी-20 क्रिकेट ट्रॉफी में नॉर्थ जोन क्रिकेट खिताब के करीब


नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजेएफआई) के गोल्डन जुबली राष्ट्रीय सम्मेलन के तहत खेले जा रहे जेके बोस इंटर-जोनल टी-20 क्रिकेट ट्रॉफी में नॉर्थ जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं। रविवार को रोशनआरा क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में नॉर्थ जोन ने साउथ जोन को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी, जिसमें ऋषभ सिंह की नाबाद शतकीय पारी निर्णायक रही।

दिन के पहले मुकाबले में साउथ जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 187 रन बनाए। शिवा कृष्णा ने 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि वीएल सशांक ने 50 रन का योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए नॉर्थ जोन ने बिना कोई विकेट गंवाए 18.2 ओवर में 188 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऋषभ सिंह ने 54 गेंदों में नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली। टीम के कप्तान आकाश रावल 38 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए, जबकि अमित 33 रन बनाकर नाबाद लौटे।

दूसरे मैच में दिल्ली पुलिस ग्राउंड पर वेस्ट जोन ने ईस्ट जोन को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट जोन ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 132 रन बनाए। संदीप मिश्रा ने 37 और सकल संधा ने 35 रन बनाए। वेस्ट जोन के लिए देवेंद्र पांडे ने दो विकेट लिए।

जवाब में वेस्ट जोन ने 12.2 ओवर में बिना कोई विकेट खोए 133 रन बनाकर मैच जीत लिया। तौस रिज़वी ने नाबाद 58 रन बनाए, जबकि देवेंद्र पांडे 50 रन बनाकर नाबाद रहे। अब नॉर्थ जोन का अगला मुकाबला सोमवार को ईस्ट जोन से होगा और उस मैच में जीत उन्हें ट्रॉफी दिला सकती है।

संक्षिप्त स्कोर:

साउथ जोन: 187/4 (20 ओवर) – शिवा कृष्णा 89, वीएल सशांक 50

नॉर्थ जोन: 188/0 (18.2 ओवर) – ऋषभ सिंह 100*, आकाश रावल 38 (रिटायर्ड हर्ट), अमित 33*

नॉर्थ जोन 10 विकेट से विजेता

ईस्ट जोन: 132/7 (20 ओवर) – संदीप मिश्रा 37, सकल संधा 35; देवेंद्र पांडे 2/16

वेस्ट जोन: 133/0 (12.2 ओवर) – तौस रिज़वी 58*, देवेंद्र पांडे 50*

वेस्ट जोन 10 विकेट से विजेता

टेबल टेनिस टीम इवेंट में डीएसजेए-1 और एसजेएएम-1 की टीमें फाइनल में

इस बीच, रोशनआरा क्लब में आयोजित टेबल टेनिस टीम इवेंट में डीएसजेए-1 और एसजेएएम-1 की टीमें फाइनल में पहुंच गई हैं। डीएसजेए-1 की टीम — कुशन सरकार, भारत शर्मा और नॉरिस प्रीतम — ने स्पोर्ट्स राइटर्स एसोसिएशन ऑफ बेंगलुरु (स्वैब-1) को हराया। एसजेएएम-1 की टीम — अमोल करहाडकर, अश्विन फेरो और अकुश धवरे — ने तमिलनाडु स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (टीएनएसजेए-1) को पराजित किया। दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला सोमवार को इसी स्थल पर खेला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story