क्राइस्टचर्च टेस्ट से पहले भारतीय गेंदबाजी कोच ने गेंदबाजों को हड़बड़ी से बचने की दी सलाह
क्राइस्टचर्च, 26 नवंबर (हि.स.)। भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट से पहले अपनी टीम को गेंदबाजी में किसी तरह की ‘बेचैनी’ या हड़बड़ी से बचने की सलाह दी है। भारत के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जीवित रखने के लिए यह मुकाबला जीतना जरूरी है। हालांकि, मोर्कल ने खिलाड़ियों से बाहरी दबाव को नजरअंदाज करने और सत्र दर सत्र अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने को कहा है।
मोर्कल ने प्री मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “सबसे पहले, एक टीम के रूप में हमें ‘बेचैनी’ शब्द को अच्छी तरह समझने की जरूरत है। मुझे ‘बेचैनी’ शब्द पसंद नहीं है क्योंकि इससे खिलाड़ी मैदान पर जरूरत से ज्यादा कोशिश करने लगते हैं और अपनी गेंदबाजी की सही दिशा से भटक जाते हैं। इसलिए मेरे लिए यह महत्वपूर्ण है कि अगले सप्ताह हम बाहरी शोर और दबाव को पूरी तरह नजरअंदाज करें। मैं आपको बताता हूं कि ये सभी खिलाड़ी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेलना चाहते हैं और वहां पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। लेकिन वास्तविकता यह है कि अगर हम ईमानदारी से देखें तो यह चुनौतीपूर्ण होने वाला है। इसलिए हर खराब सत्र के बाद हमें इस बात में उलझना नहीं चाहिए कि अब हमें क्या-क्या करना है।
उन्होंने आगे कहा, हमें सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने, समस्याओं का समाधान निकालने और उसी दिशा में आगे बढ़ने पर ध्यान देना चाहिए। हम इस बारे में काफी बात करेंगे कि मुकाबले को सत्र दर सत्र बांटकर कैसे खेलना है और किस तरह अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेल सकते हैं।”
मोर्कल ने कहा कि दूसरे टेस्ट के लिए हेगले ओवल की पिच उन्हें काफी हरी नजर आ रही है लेकिन पिछले सप्ताह बेसिन रिजर्व की ऐसी ही दिखने वाली पिच से मिले अनुभव के बाद वह सतह को लेकर अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकालना चाहते।
उन्होंने कहा, “मैंने जितना देखा है, उसके अनुसार पिच फिर काफी हरी नजर आ रही है। मुझे लगता है कि वहां घास की परत थोड़ी लंबी है। हमें देखना होगा कि यह किस तरह खेलती है। जैसा मैंने कहा, पिछले मैच में सभी को उम्मीद थी कि पिच तेज और उछाल वाली होगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं है। हमें बस कल पहले सत्र में बल्लेबाजी और गेंदबाजी करते समय सामने आने वाली परिस्थितियों के अनुसार अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।”
वेलिंगटन की बेहद सपाट पिच पर भारत के चार तेज गेंदबाजों का आक्रमण प्रभाव नहीं छोड़ सका था। ऐसे में क्राइस्टचर्च में गुरनूर बरार को मौका मिल सकता है। वह अपनी गति और उछाल से गेंदबाजी आक्रमण को धार दे सकते हैं। माना जा रहा है कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में गेंद जल्दी नरम पड़ने की समस्या से निपटने में भी उनकी भूमिका अहम हो सकती है।
मोर्कल ने गुरनूर को लेकर कहा, “भारतीय टीम से जुड़ने के बाद से ही उसे लेकर काफी उत्साह है। उसकी गति और उछाल इसकी वजह है। मुझे लगता है कि वह यहां की परिस्थितियों के लिए काफी उपयुक्त गेंदबाज होगा। देखते हैं आगे क्या होता है।
उन्होंने कहा, “गुरनूर लगातार टीम में जगह बनाने के करीब पहुंच रहा है। वह सभी सही चीजें कर रहा है। लेकिन खिलाड़ी के तौर पर चयन ऐसी चीज है, जिसे वह नियंत्रित नहीं कर सकता। उसे बस यह सुनिश्चित करना है कि मौका मिलने पर वह पूरी तरह तैयार रहे। कई बार जब आप मौके के करीब होते हैं तो गेंदबाज के तौर पर आपका ध्यान भटक सकता है। जब उसे मौका मिलेगा और यह भी तय नहीं है कि कब मिलेगा, तो मेरा काम यह सुनिश्चित करना है कि वह 100 प्रतिशत तैयार रहे।”
मोर्कल ने अंशुल कंबोज के प्रदर्शन को लेकर धैर्य रखने की भी अपील की। टेस्ट क्रिकेट में उनका शुरुआती सफर दो बेहद सपाट पिचों पर कठिन रहा है। पिछले साल इंग्लैंड दौरे के दौरान चोटिल खिलाड़ियों की जगह टीम में शामिल किए गए कंबोज ने ओल्ड ट्रैफर्ड में टेस्ट पदार्पण किया था। उन्होंने 18 ओवर में 89 रन देकर एक विकेट लिया था। उस मुकाबले में उनकी गति कम नजर आई थी और गेंद पर नियंत्रण हासिल करने में भी उन्हें परेशानी हुई थी।
वेलिंगटन में उन्होंने नई गेंद से शुरुआती विकेट लिया और रात्रि प्रहरी के रूप में तेज 38 रन भी बनाए। आखिरी दिन उन्होंने काफी अनुकूल परिस्थितियों में अच्छी गेंदबाजी की लेकिन मुकाबले के अंत तक उनकी गति कम होती दिखी और उन्हें अपने प्रयासों के अनुरूप विकेट नहीं मिल सके।
मोर्कल ने कंबोज का बचाव करते हुए कहा, “सिर्फ उसके साथ ऐसा नहीं हुआ। न्यूजीलैंड की टीम को भी देखिए, उस पिच पर गेंदबाजों की गति कम थी। आप किसी खिलाड़ी को उसके पदार्पण टेस्ट के आधार पर भी नहीं आंक सकते। अपना पहला टेस्ट मैच खेलने के दौरान खिलाड़ी कई तरह की भावनाओं और परिस्थितियों से गुजरता है। इसलिए हमें उस खिलाड़ी का समर्थन करना चाहिए, जो टीम के लिए कठिन काम कर रहा है और लंबे-लंबे स्पेल में गेंदबाजी कर रहा है। उसे उचित मौका दीजिए, पहले उसे कुछ मैच खेलने दीजिए और उसके बाद हम चर्चा कर सकते हैं। मुझे लगता है कि इस समय किसी खिलाड़ी के बारे में राय बनाने के लिए अभी बहुत शुरुआती दौर है।”
वेलिंगटन टेस्ट के अंतिम दिन भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड को ऑलआउट नहीं कर सके थे। मोर्कल ने इसकी बड़ी वजह पिच की गति का जल्दी कम हो जाना बताया। उन्होंने कहा कि क्राइस्टचर्च में भारत को कूकाबुरा की नई गेंद का पूरा फायदा उठाना होगा और गेंदबाजी की दिशा को लेकर अधिक साहसी होना पड़ेगा। इसके लिए शुरुआत में कुछ रन खर्च होने का जोखिम भी उठाना पड़ सकता है।
मोर्कल ने कहा, “आंकड़े और तथ्य, बिल्कुल स्पष्ट तथ्य यही बताते हैं कि वेलिंगटन की पिच ने टेस्ट मैच के शुरुआती दौर में ही काफी तेजी से अपनी गति खो दी थी। इसके बाद हमें अपनी योजनाओं में जल्दी बदलाव करना पड़ा। लेकिन फिर भी, मेरे लिए हमने कुछ मौके बनाए थे। उदाहरण के लिए, अगर आकाशदीप वह रन आउट या शॉर्ट लेग पर कैच हासिल कर लेते तो कुछ चीजें खुल सकती थीं। इसलिए जब परिस्थितियां मुश्किल हो जाती हैं और पिच धीमी पड़ने लगती है तो एक टीम के रूप में हमें उन 50-50 मौकों के लिए तैयार रहना चाहिए। इससे गेंदबाजों का काम काफी मुश्किल हो जाता है, खासकर तब जब नरम गेंद के साथ पिच की गति भी कुछ कम हो जाती है। कूकाबुरा गेंद से 16 साल खेलने के अपने अनुभव के आधार पर मैं कह सकता हूं कि आपको नई गेंद का पूरा फायदा उठाना होता है। गेंद को सही जगह पर डालना जरूरी है। कई बार गेंदबाजी की दिशा और लेंथ को लेकर थोड़ा अधिक साहसी होना पड़ता है, भले ही शुरुआत में कुछ रन खर्च हो जाएं। क्योंकि जब गेंद नरम हो जाती है तो आप अंदरूनी घेरे में क्षेत्ररक्षकों को लगा सकते हैं और रन गति को फिर से नियंत्रित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, “ये ऐसी बातें हैं जिन्हें हमारी गेंदबाजी इकाई और पूरी टीम को समझने की जरूरत है। हमें इस मामले में बेहतर होना होगा। भारत में हम एसजी गेंद से खेलते हैं, जहां हम स्पिन को खेल में लाते हैं। लेकिन इन परिस्थितियों में कूकाबुरा गेंद से खेलते हुए एक अलग तरह की रणनीति अपनानी होती है। आपको उसके साथ सहज होना चाहिए और कई बार साहसिक फैसले भी लेने पड़ते हैं।”
मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को वेलिंगटन टेस्ट की एकादश से बाहर रखा गया था। टॉस के समय कप्तान शुभमन गिल ने इस फैसले को ‘काफी कठिन’ बताया था। मोर्कल ने सिराज पर भरोसा जताया लेकिन टीम में वापसी के लिए उन्हें खुद प्रयास करने की जिम्मेदारी भी सौंपी।
सिराज के बारे में मोर्कल ने कहा, “मेरे हिसाब से वह अच्छी गेंदबाजी कर रहा है। जिस दौर से वह गुजर रहा है, उसे देखते हुए मेरे लिए वह विश्वस्तरीय गेंदबाज है। कई बार फैसले लेना और चयन करना कठिन होता है और यह आसान नहीं है। उसके साथ मेरी बातचीत में मैंने उससे कहा कि देखो, हमें चीजों को थोड़ा पीछे जाकर समझने की जरूरत है। इस समय हम कहां हैं, हमें क्या सुधारने की जरूरत है और हम कहां बेहतर हो सकते हैं? चयन ऐसी चीज है, जिसे हम वास्तव में नियंत्रित नहीं कर सकते। यह सब अपनी जिम्मेदारी खुद लेने और उस पर अमल करने के बारे में है।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

