सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : अंडर-19 एशिया कप के हीरो मोहित उल्वा सौराष्ट्र टीम से जुड़े

WhatsApp Channel Join Now
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी : अंडर-19 एशिया कप के हीरो मोहित उल्वा सौराष्ट्र टीम से जुड़े


नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। ओमान में खेले गए पुरुष अंडर-19 एशिया कप के रोमांचक फाइनल में भारत को खिताब दिलाने वाले तेज गेंदबाज ऑलराउंडर मोहित उल्वा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए सौराष्ट्र की सीनियर टीम से जुड़ गए हैं। भारत की खिताबी जीत के महज दो दिन बाद उन्हें सौराष्ट्र की टीम में शामिल किया गया है।

सौराष्ट्र क्रिकेट संघ ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए इसकी जानकारी दी। संघ ने बताया कि मोहित उल्वा इंदौर में खेले जा रहे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 के लीग मुकाबलों के लिए टीम से जुड़ गए हैं। संघ की ओर से साझा की गई तस्वीर में मोहित कप्तान जयदेव उनादकट, मुख्य कोच नीरज ओडेदरा और कोच शेल्डन जैक्सन के साथ नजर आए।

हालांकि, इंदौर के डेली कॉलेज मैदान पर हरियाणा के खिलाफ जारी सौराष्ट्र के मुकाबले की अंतिम एकादश में मोहित को जगह नहीं मिली। सौराष्ट्र के एलीट ग्रुप बी में अभी कुछ और मुकाबले बाकी हैं, ऐसे में उन्हें आगे मौका मिलने और सीनियर टीम के लिए टी20 पदार्पण करने की उम्मीद है।

मोहित ने शनिवार को ओमान के अल अमेरात स्थित मिनिस्ट्री टर्फ ग्राउंड-2 पर पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप फाइनल में यादगार प्रदर्शन किया था। भारत को खिताब जीतने के लिए 338 रन बनाने थे और टीम 252 रन पर आठ विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। ऐसे समय में दसवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मोहित ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 188 से अधिक रहा।

भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन चाहिए थे। मोहित ने मिड-ऑफ के ऊपर से गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाकर चौका जड़ दिया और भारत को शानदार जीत दिला दी। उनके इस शॉट के बाद मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों और समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।

मोहित ने मनाल चौहान के साथ नौवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 57 रन की साझेदारी की। इसके बाद आखिरी बल्लेबाज चिगुरुपति वेंकट के साथ 16 गेंदों में नाबाद 30 रन जोड़कर भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया।

मुख्य रूप से तेज गेंदबाज मोहित ने फाइनल में भारत की ओर से नई गेंद से गेंदबाजी भी की थी। हालांकि, उन्हें कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने आठ ओवर में 57 रन दिए।

इस बीच, अंडर-19 एशिया कप के लीग चरण में पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले अर्जुन राजपूत के भी घरेलू टी-20 टूर्नामेंट के लिए पंजाब टीम से जुड़ने की जानकारी मिली है। सौराष्ट्र की तरह पंजाब को भी एलीट ग्रुप बी में रखा गया है। पंजाब 2023-24 सत्र में इस प्रतियोगिता का चैंपियन रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story