डब्ल्यूपीएल : मुंबई इंडियंस ने 10 खिलाड़ियों को किया रिटेन, छह को किया रिलीज

WhatsApp Channel Join Now
डब्ल्यूपीएल : मुंबई इंडियंस ने 10 खिलाड़ियों को किया रिटेन, छह को किया रिलीज


नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। महिला प्रीमियर लीग-2027 (डब्ल्यूपीएल) की मिनी नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है। टीम ने कप्तान हरमनप्रीत कौर समेत 10 खिलाड़ियों को बरकरार रखा है, जबकि छह खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है।

मुंबई इंडियंस के लिए पिछला सत्र निराशाजनक रहा था। टीम पहली बार डब्ल्यूपीएल के इतिहास में प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। शुरुआती तीन सत्रों में सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीमों में शामिल रही मुंबई को पिछले सत्र में लगातार अच्छे नतीजे हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा और वह केवल एक बार लगातार दो मुकाबले जीत सकी।

नए कोच ल्यूक विलियम्स के मार्गदर्शन में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस अब अपने अनुभवी खिलाड़ियों के साथ घरेलू क्रिकेट के कुछ और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जोड़कर टीम को मजबूत करना चाहेगी।

डब्ल्यूपीएल-2027 के लिए मुंबई इंडियंस की रिटेन खिलाड़ी

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), नैट स्किवर-ब्रंट, हेली मैथ्यूज, अमनजोत कौर, अमेलिया केर, शबनिम इस्माइल, संस्कृति गुप्ता, सजना सजीवन, राहिला फिरदौस और निकोला कैरी।

रिलीज खिलाड़ी

जी. कमालिनी, मिली इलिंगवर्थ, नल्ला क्रांति रेड्डी, पूनम खेमनार, साइका इशाक और त्रिवेणी वशिष्ठ।

डब्ल्यूपीएल-2027 की मिनी नीलामी 28 अक्टूबर को कोच्चि में आयोजित की जाएगी। नीलामी में मुंबई इंडियंस अपनी टीम में खाली स्थानों को भरने के साथ घरेलू प्रतिभाओं को जोड़ने पर ध्यान देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story