कूल्हे की चोट के कारण फोबे लिचफील्ड तीसरे वनडे से बाहर, अपने 100वें मैच में बेथ मूनी करेंगी ओपनिंग

WhatsApp Channel Join Now
कूल्हे की चोट के कारण फोबे लिचफील्ड तीसरे वनडे से बाहर, अपने 100वें मैच में बेथ मूनी करेंगी ओपनिंग


कूल्हे की चोट के कारण फोबे लिचफील्ड तीसरे वनडे से बाहर, अपने 100वें मैच में बेथ मूनी करेंगी ओपनिंग


ब्रिसबेन, 14 अक्टूबर (हि.स.)।

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज फोबे लिचफील्ड कूल्हे की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और अंतिम महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह निकोला कैरी को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। वहीं, अपना 100वां एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज बेथ मूनी बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आकर पारी की शुरुआत करेंगी।

एलन बॉर्डर फील्ड में बुधवार को ऑस्ट्रेलिया की कार्यवाहक कप्तान ताहलिया मैक्ग्रा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। समाचार लिखे जाने तक बांग्लादेश ने 9 ओवर में केवल 18 रन पर तीन विकेट गंवा दिया है।

लिचफील्ड को रविवार को खेले गए दूसरे वनडे में 71 रन की पारी के दौरान कूल्हे की मांसपेशियों में हल्का खिंचाव आया था। चोट की गंभीरता कम बताई गई है, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला को देखते हुए उनकी उपलब्धता पर भी सवाल बने हुए हैं।

100वें वनडे में मूनी को मिली नई जिम्मेदारी

लिचफील्ड की अनुपस्थिति में बेथ मूनी बल्लेबाजी की शुरुआत करेंगी। मूनी के लिए यह मुकाबला खास है, क्योंकि वह अपने करियर का 100वां एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही हैं। टॉस से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम ने उनके इस उपलब्धि भरे अवसर को यादगार बनाया। टीम के बल्लेबाजी कोच डैन मार्श ने समूह में उनके योगदान की सराहना की।

ऑस्ट्रेलिया को बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए पहले ही चोटों से जूझना पड़ा है। सोफी मोलिन्यू कूल्हे की चोट और लूसी हैमिल्टन जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उपलब्ध नहीं हैं। इसी वजह से टीम के पास केवल 12 खिलाड़ी उपलब्ध थे। कैरी को श्रृंखला में पहली बार खेलने का मौका मिला है।

ग्रेस हैरिस भी टीम को अतिरिक्त विकल्प देने के लिए ब्रिस्बेन पहुंच गई हैं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में चयन नहीं होने के बाद वह गुरुवार को ब्रिस्बेन हीट के टी20 स्प्रिंग चैलेंज अभियान से जुड़ेंगी।

बांग्लादेश ने किए तीन बदलाव

बांग्लादेश ने भी तीसरे वनडे के लिए अपनी अंतिम एकादश में तीन बदलाव किए हैं। मुर्शिदा खातून, सुल्ताना खातून और पदार्पण कर रहीं दिशा बिस्वास को मरुफा अख्तर, नाहिदा अख्तर और फरगाना हक पिंकी की जगह टीम में शामिल किया गया है।

ऑस्ट्रेलिया शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना चुका है। उसने पहला वनडे सात विकेट और दूसरा नौ विकेट से जीता था। अब टीम की नजरें तीसरा मुकाबला जीतकर बांग्लादेश का सूपड़ा साफ करने पर हैं।

दोनों टीमों की अंतिम एकादश

ऑस्ट्रेलिया: जॉर्जिया वोल, बेथ मूनी (विकेटकीपर), एलिस पेरी, एनाबेल सदरलैंड, एश्ले गार्डनर, ताहलिया मैक्ग्रा (कप्तान), जॉर्जिया वेयरहैम, निकोला कैरी, किम गार्थ, अलाना किंग और मेगन शट।

बांग्लादेश: मुर्शिदा खातून, शर्मिन सुल्ताना, शर्मिन अख्तर, निगार सुल्ताना, (कप्तान एवं विकेटकीपर), शोभना मोस्तरी, शोर्ना अख्तर, रितु मोनी, राबेया खान, दिशा बिस्वास, हबीबा इस्लाम पिंकी और सुल्ताना खातून।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760438 Articles

Share this story