न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर होंगे मार्नस लाबुशेन, चयन समिति ने किया साफ

WhatsApp Channel Join Now
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर होंगे मार्नस लाबुशेन, चयन समिति ने किया साफ


मेलबर्न, 09 नवंबर (हि.स.)।

ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को न्यूजीलैंड के खिलाफ दिसंबर और जनवरी में होने वाली आगामी टेस्ट सीरीज से बाहर रखा जा सकता है। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम की चयन समिति ने उन्हें फिलहाल टीम में शामिल नहीं करने का फैसला किया है। चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने सोमवार (9 नवंबर) को स्पष्ट किया कि लाबुशेन को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए इस समय चयन के दायरे में नहीं रखा जाएगा। हालांकि, उन्होंने भविष्य में टीम में वापसी की संभावना से इनकार नहीं किया।

बेली ने मीडिया से बातचीत में कहा, इस समय हम निश्चित रूप से पहले टेस्ट के लिए मार्नस पर विचार नहीं करेंगे, बल्कि न्यूजीलैंड सीरीज के लिए भी उन्हें चयन के दायरे में नहीं रखेंगे। टीम में उनकी जगह को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। इसलिए मुझे लगता है कि इससे उन्हें थोड़ा समय और मानसिक राहत मिलेगी। साथ ही, शेफील्ड शील्ड क्रिकेट के अगले दौर के दौरान उनकी टीम में जगह को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विराम लगेगा।

पिछले 17 महीनों में यह दूसरी बार है, जब लाबुशेन को ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में अपनी जगह गंवानी पड़ी है। लंबे समय तक तीसरे नंबर पर टीम की मजबूत कड़ी रहे लाबुशेन का शतकीय सूखा लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने अपना पिछला टेस्ट शतक 2023 की एशेज सीरीज में मैनचेस्टर में लगाया था। इसके बाद से वह 49 पारियों में शतक नहीं लगा सके हैं।

खराब फॉर्म के कारण पिछले साल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के बाद वेस्टइंडीज दौरे के दौरान भी उन्हें अंतिम एकादश में जगह गंवानी पड़ी थी। हालांकि, वह टीम के साथ जुड़े रहे थे।

घरेलू सत्र की अच्छी शुरुआत के बाद लाबुशेन ने घरेलू एशेज सीरीज में तीसरे नंबर पर वापसी की थी। उन्होंने शुरुआती दोनों टेस्ट में अर्धशतक लगाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद उनका प्रदर्शन लगातार गिरता चला गया। पिछले 16 पारियों से वह अर्धशतक भी नहीं लगा सके हैं। बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने 12 की औसत से 36 रन बनाए, जबकि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर 21.83 की औसत से 131 रन ही बना सके। ऑस्ट्रेलिया को इन दोनों सीरीज में जीत नहीं मिली। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज 1-1 से बराबर रही, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 2-1 से जीत दर्ज की।

वापसी के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं

बेली ने लाबुशेन के खराब प्रदर्शन को स्वीकार करते हुए कहा कि उनके लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में वापसी की संभावनाएं अभी खत्म नहीं हुई हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया को भारत का पांच टेस्ट मैचों का दौरा करना है। इसके अलावा अगले साल इंग्लैंड में एशेज सीरीज भी खेली जानी है।

बेली ने कहा, हां, उनकी वापसी निश्चित रूप से संभव है। हम सभी जानते हैं कि मार्नस अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में कितने अच्छे और प्रभावी खिलाड़ी हो सकते हैं। लेकिन हाल के प्रदर्शन में वह बात नजर नहीं आई है। उन्होंने कुछ अच्छे मौके गंवाए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन में भी उन्होंने अच्छी शुरुआत की थी और दक्षिण अफ्रीका में भी ऐसा ही हुआ। इन मौकों पर वह बड़ी पारियां खेल सकते थे, जिसकी हमें लंबे समय से उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।

उन्होंने आगे कहा, हालांकि, मुझे नहीं लगता कि हमने कभी किसी खिलाड़ी के लिए स्थायी रूप से टीम के दरवाजे बंद किए हैं। इस मामले में भी हमारा रुख अलग नहीं है।

शेफील्ड शील्ड के अगले दौर के बाद घोषित होगी टीम

बेली ने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम की घोषणा शेफील्ड शील्ड के अगले दौर के समाप्त होने के बाद की जाएगी। इस टूर्नामेंट का अगला दौर बुधवार (11 नवंबर) से शुरू होगा।

उन्होंने लाबुशेन को लेकर चल रही अटकलों पर स्थिति स्पष्ट करने की जरूरत भी बताई। बेली के अनुसार, चयन समिति नहीं चाहती थी कि अगले एक सप्ताह तक टीम में उनकी जगह को लेकर लगातार चर्चाएं होती रहें।

बेली ने कहा, हमें लगा कि इस मामले में स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है। यह फैसला उतना ही मार्नस के लिए भी महत्वपूर्ण था, ताकि उन्हें थोड़ा समय और मानसिक राहत मिल सके। वह अब वापस जाकर क्वींसलैंड की कप्तानी करेंगे। हमें नहीं लगा कि अगले एक सप्ताह तक उनकी टीम में जगह को लेकर अटकलों का जारी रहना उनके लिए फायदेमंद होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774280 Articles

Share this story