डीपी वर्ल्ड आईएलटी-20: क्लासेन, मिलर गल्फ जायंट्स से जुड़े, ओमरजई और मुजारबानी की भी वापसी

WhatsApp Channel Join Now
डीपी वर्ल्ड आईएलटी-20: क्लासेन, मिलर गल्फ जायंट्स से जुड़े, ओमरजई और मुजारबानी की भी वापसी


डीपी वर्ल्ड आईएलटी-20: क्लासेन, मिलर गल्फ जायंट्स से जुड़े, ओमरजई और मुजारबानी की भी वापसी


दुबई, 12 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर डीपी वर्ल्ड आईएलटी-20 के पांचवें सत्र के लिए गल्फ जायंट्स से जुड़ गए हैं। दोनों को फ्रेंचाइजी ने नीलामी से पहले खिलाड़ियों के रूप में शामिल किया है। अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह ओमरजई और जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी भी आगामी सत्र के लिए टीम में वापसी करेंगे।

डीपी वर्ल्ड आईएलटी-20 का पांचवां सत्र 22 नवंबर से 20 दिसंबर तक खेला जाएगा। गल्फ जायंट्स ने 2023 में टूर्नामेंट का पहला खिताब जीता था और अब टीम दूसरी बार चैंपियन बनने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।

गल्फ जायंट्स के मुख्य कोच साइमन हेलमोट ने फ्रेंचाइजी की ओर से जारी एक बयान में नए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा, “हम डेविड और हेनरिक का गल्फ जायंट्स परिवार में स्वागत करके बेहद खुश हैं और अजमतुल्लाह तथा ब्लेसिंग को भी वापस ला रहे हैं। ये विश्वस्तरीय खिलाड़ी और मैच जिताने वाले क्रिकेटर हैं, जो हमारी टीम में काफी गुणवत्ता और गहराई जोड़ेंगे। हमने एक मजबूत आधार तैयार किया है और खिलाड़ी नीलामी के जरिए हमारे पास सत्र पांच की तैयारी के लिए टीम को पूरा करने का एक और अवसर होगा।”

दुनिया के बेहतरीन फिनिशरों में शामिल डेविड मिलर के पास टी-20 क्रिकेट का लंबा अनुभव है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी क्रिकेट मिलाकर 571 टी-20 मुकाबलों में 12 हजार से अधिक रन बनाए हैं। मिलर 2022 में गुजरात टाइटंस की आईपीएल खिताबी जीत के अभियान का भी अहम हिस्सा रहे थे।

दक्षिण अफ्रीका के ही विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने 294 टी-20 मुकाबलों में 6,900 से अधिक रन बनाए हैं। क्लासेन डीपी वर्ल्ड आईएलटी-20 के पांचवें सत्र में पहली बार इस लीग में खेलेंगे।

अजमतुल्लाह ओमरजई ने पिछले सत्र में गल्फ जायंट्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 10 मैचों में 233 रन बनाने के साथ 12 विकेट भी हासिल किए थे। उनके प्रदर्शन को देखते हुए टीम ने उन्हें अगले सत्र के लिए भी बरकरार रखा है।

वहीं, जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी चोट के कारण पिछले सत्र में नहीं खेल सके थे। गल्फ जायंट्स के साथ 2023 में जुड़ने के बाद से उन्होंने 17 मैचों में 22 विकेट लिए हैं। 2024-25 सत्र में वह टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे और 10 मैचों में 16 विकेट हासिल किए थे।

गल्फ जायंट्स अब अक्टूबर में होने वाली डीपी वर्ल्ड आईएलटी-20 सीजन पांच की खिलाड़ी नीलामी पर ध्यान केंद्रित करेगी, जहां टीम अपनी शेष जरूरतों को पूरा करते हुए नए सत्र के लिए पूरी टीम तैयार करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story