खेल प्रौद्योगिकी मंच काबुनी ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉटसन को बनाया अपना मुख्य प्रशिक्षक

WhatsApp Channel Join Now
खेल प्रौद्योगिकी मंच काबुनी ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉटसन को बनाया अपना मुख्य प्रशिक्षक


मुंबई, 16 अप्रैल (हि.स.)। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित खेल प्रौद्योगिकी मंच काबुनी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर शेन वॉटसन को अपना ‘मुख्य प्रशिक्षक’ नियुक्त किया है। इस साझेदारी को वैश्विक स्तर पर क्रिकेट प्रशिक्षण की दिशा बदलने की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

काबुनी का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से हर स्तर के खिलाड़ियों तक विश्वस्तरीय प्रशिक्षण पहुंचाना है। वॉटसन के जुड़ने से तकनीक और व्यावहारिक क्रिकेट अनुभव का मजबूत समन्वय स्थापित होगा, जिससे खिलाड़ियों को आंकड़ों की समझ के साथ मैदान का वास्तविक अनुभव भी मिल सकेगा।

काबुनी का मंच पारंपरिक नेट अभ्यास को नया रूप देता है। इसमें खिलाड़ी की गतिविधियों और गेंद की दिशा का वास्तविक समय में विश्लेषण किया जाता है और उसे सरल व उपयोगी सुझावों में परिवर्तित किया जाता है। ‘एक प्रतिशत सुधार’ की अवधारणा पर आधारित यह प्रणाली छोटी-छोटी त्रुटियों को तुरंत सुधारने पर केंद्रित है, जिससे समय के साथ प्रदर्शन में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

शेन वॉटसन ने कहा, “काबुनी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह सुधार की प्रक्रिया को सरल बनाता है। क्रिकेट छोटे-छोटे अंतर का खेल है और उन पर ध्यान देकर बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। यह मंच हर स्तर के खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण को समझना और अपनाना आसान बनाता है।”

काबुनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी निमेश पटेल ने कहा, “शेन वॉटसन का हमारे साथ जुड़ना हमारे लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके अनुभव और हमारी तकनीक के माध्यम से हम खिलाड़ियों को बेहतर और विश्वसनीय प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहे हैं। हमारा लक्ष्य हर खिलाड़ी तक पेशेवर प्रशिक्षण पहुँचाना है।”

उन्होंने बताया कि काबुनी केवल तकनीकी प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों की मानसिक क्षमता पर भी कार्य कर रहा है। इसी दिशा में कंपनी वॉटसन के अनुभव पर आधारित एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता संचालित मानसिक प्रशिक्षण प्रणाली विकसित कर रही है, जो खिलाड़ियों को दबाव की परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने और मानसिक मजबूती विकसित करने में सहायता करेगी।

काबुनी का यह मंच जैव-यांत्रिकी, गतिविधि विश्लेषण और प्रदर्शन से जुड़े आंकड़ों के आधार पर खिलाड़ियों को व्यक्तिगत और वास्तविक समय में प्रशिक्षण प्रदान करता है। यह खिलाड़ियों के प्रदर्शन की तुलना शीर्ष खिलाड़ियों के आंकड़ों से कर उन्हें स्पष्ट सुधार की दिशा दिखाता है। भारत में अपनी उपस्थिति का विस्तार करते हुए काबुनी, शेन वॉटसन के साथ मिलकर एक ऐसा तकनीक-आधारित प्रशिक्षण तंत्र विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जो जमीनी स्तर से लेकर पेशेवर क्रिकेट तक के अंतर को कम कर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story