रणजी ट्रॉफी में रविंद्र जडेजा का शतक, प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 16वीं बार तीन अंकों तक पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now
रणजी ट्रॉफी में रविंद्र जडेजा का शतक, प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 16वीं बार तीन अंकों तक पहुंचे


राजकोट, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को सौराष्ट्र के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपना 16वां शतक लगाया। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में जडेजा ने 102 रन की पारी खेली। उन्हें धर्मेंद्रसिंह जडेजा ने कैच और बोल्ड किया।

बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज और बल्लेबाजी में उपयोगी योगदान देने वाले जडेजा की यह पारी आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से पहले अहम मानी जा रही है। उनका पिछला लाल गेंद का मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में था।

मैच की बात करें तो जडेजा के शतक के साथ अलावा प्रेरक मांकड़ ने भी 129 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। इन दोनों के अलावा चिराग जानी ने 83 रन बनाए। इन तीनों की बेहतरीन पारियों की बदौलत सौराष्ट्र ने पहली पारी में सभी विकेट खोकर 392 रन बनाए। जवाब में छत्तीसगढ़ ने समाचार लिखे जाने तक 1 विकेट पर 24 रन बना लिए हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला के बाद सौराष्ट्र से जुड़े

जडेजा वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की 2-1 से वनडे श्रृंखला जीत के बाद सौराष्ट्र की टीम से जुड़े थे। उन्होंने दो मैचों में हिस्सा लिया, लेकिन बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। इस दौरान उन्होंने दो विकेट लिए। छत्तीसगढ़ के खिलाफ शतक के साथ उन्हें लाल गेंद से बल्लेबाजी का भी उपयोगी अभ्यास मिला है।

भारतीय टीम अगले महीने न्यूजीलैंड के दौरे पर दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगी। पहला टेस्ट 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन में, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। जडेजा इस दौरे से पहले अपनी लय हासिल करना चाहेंगे।

11 अक्टूबर से शुरू हुई रणजी ट्रॉफी

भारत की प्रमुख घरेलू प्रथम श्रेणी प्रतियोगिता रणजी ट्रॉफी का 92वां संस्करण 11 अक्टूबर से शुरू हुआ। पिछले सत्र में शुरुआती दौर में बाहर होने वाली सौराष्ट्र की टीम को इस बार एलीट ग्रुप-बी में रखा गया है। इस समूह में सौराष्ट्र के साथ आंध्र, असम, छत्तीसगढ़, हैदराबाद, कर्नाटक, पंजाब और त्रिपुरा की टीमें शामिल हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759280 Articles

Share this story