भुवनेश्वर की वापसी से खुश कप्तान श्रेयस, बोले-वह टी20 में दबदबा बनाना जानते हैं

WhatsApp Channel Join Now
भुवनेश्वर की वापसी से खुश कप्तान श्रेयस, बोले-वह टी20 में दबदबा बनाना जानते हैं


भुवनेश्वर की वापसी से खुश कप्तान श्रेयस, बोले-वह टी20 में दबदबा बनाना जानते हैं


क्राइस्टचर्च, 21 अक्टूबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार को खेले जाने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम में वापसी पर खुशी जताई है। अय्यर ने कहा कि भुवनेश्वर को इस प्रारूप में दबदबा बनाने का अच्छा अनुभव है और आईपीएल में उनका हालिया प्रदर्शन इसका प्रमाण है।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेली जानी है। भुवनेश्वर लगभग चार साल बाद भारतीय टी20 टीम की जर्सी में गेंदबाजी करते नजर आ सकते हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नवंबर 2022 में नेपियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उस मुकाबले में उन्होंने चार ओवर में 35 रन दिए थे और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था। मैच टाई रहा था, जबकि भारत ने श्रृंखला जीत ली थी। वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर हाल ही में उनकी वापसी का इंतजार बारिश के कारण टल गया था।

इसके बाद भुवनेश्वर ने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 31 मैचों में 22.55 की औसत से 45 विकेट लिए और टीम को 2025 तथा 2026 में लगातार दो खिताब जीतने में मदद की। आईपीएल के पिछले सत्र में वह 16 मैचों में 17.89 की औसत और 7.95 की इकॉनमी दर से 28 विकेट लेकर दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे।

अय्यर ने मैच से पहले आयोजित पत्रकारवार्ता में कहा, “वह टीम में काफी अनुभव लेकर आते हैं, जिसकी हमें कमी महसूस हो रही थी। आईपीएल के बाद हमारे पास कई नए गेंदबाज थे। उनके पिछले दो वर्षों के प्रदर्शन को देखें, तो उन्होंने आईपीएल खिताब जीते हैं। उन्हें इस प्रारूप पर दबदबा बनाने का बहुत अच्छा अंदाजा है।”

अय्यर ने न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में जल्द ढलने को अहम बताया। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम में तेज गेंदबाजों पर अधिक जोर दिखाई देता है और यहां की परिस्थितियां तेज गेंदबाजी के अनुकूल हैं। भारतीय कप्तान ने कहा कि टीम जल्द से जल्द परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने की कोशिश करेगी। अभ्यास सत्र के बाद खिलाड़ियों को पिच और परिस्थितियों का बेहतर अंदाजा मिलेगा, जिससे वे अपनी रणनीति बना सकेंगे।

भुवनेश्वर ने भारत के लिए 87 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 23.10 की औसत से 90 विकेट लिए हैं। इस प्रारूप में उनके नाम दो बार पांच विकेट और तीन बार चार विकेट लेने का प्रदर्शन दर्ज है। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे करने से केवल 10 विकेट दूर हैं। ऐसा करने पर वह अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले पांचवें भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे।

भुवनेश्वर के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में कुल 294 विकेट हैं। 36 वर्षीय तेज गेंदबाज के पास 300 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने का भी मौका है। वह ऐसा करने वाले भारत के 14वें गेंदबाज और नौवें तेज गेंदबाज बन सकते हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764165 Articles

Share this story